छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) मुख्य परीक्षा-2025 को लेकर बस्तर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) मुख्य परीक्षा-2025 को लेकर बस्तर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रशासन ने परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। इस बार जगदलपुर के पीजी कॉलेज धरमपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां जिले के 181 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी अभ्यर्थी या कर्मचारी को मोबाइल फोन के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी मोबाइल फोन केंद्राध्यक्ष के पास जमा कराए जाएंगे।

आपात स्थिति में केवल लैंडलाइन फोन का इस्तेमाल किया जा सकेगा। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।

CGPSC मुख्य परीक्षा 6 जून से शुरू होगी। पहले दिन भाषा और निबंध का पेपर आयोजित किया जाएगा। 7 जून को सामान्य अध्ययन-1 और सामान्य अध्ययन-2, 8 जून को सामान्य अध्ययन-3 और सामान्य अध्ययन-4 और 9 जून को सामान्य अध्ययन-5 की परीक्षा होगी। सभी प्रश्नपत्र दो पालियों में आयोजित किए जाएंगे।

सुबह की पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। अंतिम दिन केवल एक पाली में परीक्षा संपन्न होगी।

प्रश्नपत्रों और उत्तरपुस्तिकाओं की विशेष सुरक्षा

प्रशासन ने प्रश्नपत्रों और उत्तरपुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए स्ट्रॉन्ग रूम और सीलबंद पैकेट की व्यवस्था की है। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तरपुस्तिकाओं को पुनः सीलबंद कर कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग कार्यालय भेजा जाएगा। इसके लिए विशेष वाहन और सुरक्षा बल तैनात रहेंगे।

निगरानी के लिए प्रशासन और पुलिस अलर्ट

परीक्षा केंद्र में सुरक्षा और निगरानी के लिए प्रशासनिक अधिकारियों तथा पुलिस बल की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक परीक्षा दिवस पर निर्धारित समय से डेढ़ घंटे पहले स्ट्रॉन्ग रूम खोला जाएगा और नियुक्त नोडल अधिकारियों की मौजूदगी में सीलबंद प्रश्नपत्र केंद्राध्यक्ष को सौंपे जाएंगे।

अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

फैक्ट फाइल

परीक्षा प्रारंभ- 6 जून 2026 परीक्षा केंद्र- पीजी कॉलेज धरमपुर, जगदलपुर कुल परीक्षार्थी- 181 परीक्षा अवधि- 6 से 9 जून मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध प्रश्नपत्र और उत्तरपुस्तिकाओं के लिए स्ट्रॉन्ग रूम व्यवस्था प्रशासन और पुलिस की संयुक्त निगरानी व्यवस्था लागू

Exit mobile version