कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने युवती को करीब सात महीने तक अपने साथ रखा और पत्नी की तरह संबंध बनाए। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई। उसके बाद युवक ने उसे मायके भेज दिया और बाद में दूसरी युवती से शादी कर ली। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कृष्णा खन्ना (26) के रूप में हुई है, जो उरगा थाना क्षेत्र के खोडल गांव का निवासी है और पेशे से ड्राइवर है। बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़िता की मुलाकात एक मंदिर में दर्शन के दौरान हुई थी। यहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और युवक ने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया।

दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता, शादी का वादा कर बनाया संबंध

फोन पर लगातार बातचीत के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि कृष्णा खन्ना ने युवती से शादी करने का वादा किया और उसे अपने घर में साथ रखने लगा। करीब 7 महीने तक दोनों पति-पत्नी की तरह रहे। इस दौरान आरोपी ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई।

गर्भवती होने पर मायके भेजा, फिर कर ली दूसरी शादी

पीड़िता का आरोप है कि जब वह पांच माह की गर्भवती हुई तो आरोपी ने आराम करने का बहाना बनाकर उसे मायके भेज दिया। कुछ समय बाद उसे जानकारी मिली कि कृष्णा खन्ना ने किसी दूसरी युवती से शादी कर ली है।

यह बात पता चलने पर पीड़िता आरोपी के घर पहुंची, जहां उसकी आरोपी और उसकी नई पत्नी से कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने उरगा थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

दुष्कर्म का मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी कृष्णा खन्ना के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

बालको क्षेत्र में भी सामने आया ऐसा ही मामला

सीएसपी ने बताया कि बालको थाना क्षेत्र में भी शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का एक अन्य मामला दर्ज हुआ है। उस मामले में भी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस दोनों मामलों की विस्तृत जांच कर रही है।

Exit mobile version