भिलाई में गुंडागर्दी करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले दो युवकों पर पुलिस ने कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesभिलाई में गुंडागर्दी करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले दो युवकों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें उठक-बैठक कराई। इसके साथ ही उनका जुलूस भी निकाला गया, जिसमें दोनों युवक कान पकड़कर चलते नजर आए।

शहर में सोशल मीडिया पर खुद को किंग, डॉन और गैंगस्टर बताने वाले युवाओं के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। साइबर सेल और पुलिस की टीम ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार निगरानी रख रही है, जिनमें हथियार दिखाने, नशे से जुड़े वीडियो डालने और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली तस्वीरें-पोस्ट साझा की जा रही थीं।

जांच के दौरान पुलिस ने ऐसे 6 युवकों की पहचान की और उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया। जांच में सामने आया कि इनमें से 4 नाबालिग हैं। पुलिस ने उनके मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की, जिसमें कई आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट पाए गए।

इसके बाद संबंधित युवकों से तुरंत वह पोस्ट डिलीट करवाई गई। नाबालिगों के माता-पिता को थाने बुलाकर पुलिस ने उन्हें समझाइश दी। पुलिस ने परिजनों को समझाया कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखना बेहद जरूरी है।

2 युवक गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए युवकों की पहचान कुलदीप सिंह (23) निवासी सेक्टर-11 और दुर्गेश सोनी (21), निवासी प्रगति नगर, कैंप-1 के रूप में हुई है। इसके अलावा चारों नाबालिगों को सुधार और मार्गदर्शन के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है, ताकि वे भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में शामिल न हों।

वहीं मामले में शामिल दोनों युवकों के मोबाइल में भी आपत्तिजनक पोस्ट पाई गईं। पुलिस ने उन पोस्ट को हटवाने के बाद उनके खिलाफ थाना छावनी में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

Exit mobile version