दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र के रिंगनी स्थित एक फार्म हाउस में रहने वाले नीलकंठ साहू का शव मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र के रिंगनी स्थित एक फार्म हाउस में रहने वाले नीलकंठ साहू का शव मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

बुधवार सुबह सुपेला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोमवार रात नीलकंठ का अपनी पत्नी और वहां रहने वाले अन्य लोगों से विवाद हुआ था। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

पुलिस के अनुसार, नीलकंठ साहू अपनी पत्नी और बच्चों के साथ फार्म हाउस परिसर में रहता था। उसकी पत्नी सावित्री वहां केयरटेकर का काम करती थी। बताया जा रहा है कि सोमवार रात इलाके में बिजली चली गई थी, जिसके बाद नीलकंठ पास में रहने वाले पड़ोसी अमर प्रसाद यादव के घर सोने चला गया था।

इसी दौरान वहां उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया और फार्म हाउस के चौकीदार राजकुमार को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद लोगों ने नीलकंठ को वापस अपने घर जाने के लिए कहा।

पत्नी के साथ भी विवाद

बताया जा रहा है कि इसी दौरान पड़ोसी अमर प्रसाद यादव और चौकीदार राजकुमार के बीच भी विवाद और हाथापाई की स्थिति बन गई। रात में हुए पूरे घटनाक्रम के बाद मंगलवार सुबह नीलकंठ साहू का शव उसके घर के सामने पड़ा मिला।

पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट की बातें भी सामने आ रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

फॉर्म हाउस संचालक बोले- शराब के नशे में हुआ था विवाद

फार्म हाउस के संचालक शेख हारून ने बताया कि नीलकंठ वहां काम नहीं करता था, बल्कि उसकी पत्नी सावित्री केयरटेकर के तौर पर काम करती थी। उनके अनुसार रात में सभी लोग साथ बैठकर खाना-पीना कर रहे थे और इसी दौरान विवाद शुरू हुआ।

उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी और वहां मौजूद कुछ अन्य लोगों के साथ भी झगड़ा हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक पहले नीलकंठ की तरफ से विवाद हुआ था, जिसके बाद हाथापाई की स्थिति बन गई।

हालांकि उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सही जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल पुलिस सभी लोगों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

Exit mobile version