
पुलिस के अनुसार, कन्हाईबंद निवासी चंद्रहास यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 मई की शाम करीब 7:30 बजे वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नैला-कन्हाईबंद मार्ग स्थित शनि होटल के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन और गले में पहना सोने का लॉकेट झपट लिया। विरोध करने पर युवकों ने मारपीट का प्रयास किया और मौके से फरार हो गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी लूटे गए सामान को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए जांजगीर निवासी हेमंत सारथी (21) और नैला निवासी कोमल कश्यप (19) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
मोबाइल पर बात करते युवक को बनाया निशाना
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सीडी डीलक्स बाइक से कन्हाईबंद की ओर जा रहे थे। रास्ते में एक युवक को अकेले साइकिल चलाते हुए मोबाइल पर बात करते देखा। इसके बाद तीनों ने झपटमारी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लूटे गए मोबाइल और लॉकेट को बेचकर रकम आपस में बांटने की तैयारी कर रहे थे।
मोबाइल और सोने का लॉकेट बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और सोने का लॉकेट बरामद कर लिया है। दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।