
मामला मनेंद्रगढ़ सिटी कोतवाली थाने का है। यहां 23 नवंबर को अर्पित जैन की बारात धमाल पार्टी के साथ उनके घर से होटल जा रही थी। बारात जैसे ही पीडब्ल्यूडी चौक के पास पहुंची, पुलिस ने उसे रोक दिया और धमाल सिस्टम सहित गाड़ी जब्त कर थाने ले आई।
चलती बारात में पुलिस की इस कार्रवाई का चैंबर ऑफ कॉमर्स ने निंदा की है। उनका कहना है कि इस कार्रवाई से एक प्रतिष्ठित व्यापारी की प्रतिष्ठा उनके रिश्तेदारों के सामने धूमिल हुई है।
थाने पहुंचकर बारातियों ने नाराजगी जताई
पुलिस की इस कार्रवाई की जानकारी मिलने पर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज जैन सहित शहर के कई व्यापारी और बाराती सिटी कोतवाली पहुंचे।
उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और काफी देर तक पुलिस अधिकारियों से बहस की।
चलती बारात रोककर कार्रवाई को बताया गलत
व्यापारियों ने कहा कि मनेन्द्रगढ़ के इतिहास में पहली बार किसी चलती बारात को रोककर इस तरह की कार्रवाई की गई है, जो निंदनीय है। उन्होंने तर्क दिया कि यदि पुलिस को कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई करनी ही थी, तो बारात के होटल पहुंचने के बाद भी ऐसा किया जा सकता था।
इस कार्रवाई से एक प्रतिष्ठित व्यापारी की प्रतिष्ठा उनके रिश्तेदारों के सामने धूमिल हुई है। इस पूरे मामले पर जब थाना प्रभारी मनीष तिवारी से जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।