
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम पोड़ी में बड़े पैमाने पर महुआ शराब बनाई और बेची जा रही है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस टीम ने ग्राम पोड़ी स्थित अरपा नदी के किनारे कोंदा बाड़ी क्षेत्र में एक झोपड़ीनुमा मकान पर छापा मारा।
जांच के दौरान झोपड़ी की परछी में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब मिली। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी देव प्रसाद बारले, करण लहरे और उनके अन्य साथी नदी की ओर भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
बाइक भी जब्त
तलाशी में पुलिस को तीन बड़ी एल्यूमिनियम की देकची में 45-45 लीटर और तीन अन्य देकची में 15-15 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली, कुल 240 लीटर। इसके अलावा शराब बनाने और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन टुल्लू पंप और एक बाइक (क्रमांक सीजी 28 जे 8216) भी जब्त की गई।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों में तरकीडीह महुआभाटा निवासी देव प्रसाद बारले और परसाकापा निवासी करण लहरे तथा उनके अन्य सहयोगी शामिल हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।