छत्तीसगढ़ के कोरबा के कटघोरा वनमंडल में जंगली सुअर के शिकार के मामले में वन विभाग ने छापा मारा

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कोरबा के कटघोरा वनमंडल में जंगली सुअर के शिकार के मामले में वन विभाग ने छापा मारा। इस दौरान कुछ लोगों पर वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। लेकिन इसी बीच यह भी आरोप लगे हैं कि कुछ आरोपियों को बचाने के नाम पर पैसे वसूले गए।

मामले में डिप्टी रेंजर उषा सोनवानी का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह यह कहती हुई नजर आ रही हैं कि शिकारियों ने जंगली सुअर का शिकार किया। मैं गाली खाई। मैं बदनाम हुई।

वो फॉरेस्ट गार्ड राम कुमार कोराम को डेढ़-दो लाख रुपए देकर बच गए। वायरल वीडियो को लेकर DFO कुमार निशांत ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

अब जानिए पूरा मामला

यह मामला पसान वन परिक्षेत्र के लैंगा बीट के करी गांव का है। कुछ दिन पहले गांव वालों ने मिलकर जंगली सुअर का शिकार किया था और उसे खाने की तैयारी कर रहे थे।

इसकी जानकारी फॉरेस्ट गार्ड राम कुमार कोराम को लग गई, जिसके बाद वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई की।

वन विभाग ने शिकार में शामिल कुछ लोगों पर मामला दर्ज किया है। साथ ही, शिकार में इस्तेमाल की गई सामग्री भी जब्त कर ली गई है।

डिप्टी रेंजर बोली- आरोपियों ने फॉरेस्ट गार्ड को 2 लाख दिए

इसी बीच इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में डिप्टी रेंजर उषा सोनवानी कुछ ग्रामीणों के साथ बैठी नजर आ रही हैं।

इस वीडियो में डिप्टी रेंजर यह कहती हुई नजर आ रही हैं कि शिकारियों ने जंगली सुअर का शिकार किया और इस मामले में मुझे गालियां भी सुननी पड़ीं, इससे मेरी बदनामी हुई।

वीडियो में वह यह भी कहती हैं कि फॉरेस्ट गार्ड को डेढ़-दो लाख रुपए देकर आरोपी वहां से फरार हो गए। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें लगा इस पैसे में उन्हें भी कुछ पैसे मिलेंगे, इसलिए उन्हें सूचना नहीं दी।

Exit mobile version