भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर स्क्रैब कॉपर तार चोरी करने की कोशिश करने वाले 4 आरोपियों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesभिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर स्क्रैब कॉपर तार चोरी करने की कोशिश करने वाले 4 आरोपियों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 130 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर तार बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 97 हजार 500 रुपए बताई गई है।

मामला 6 जून 2026 का है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की भिलाई इस्पात संयंत्र इकाई ने भिलाई भट्ठी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कुछ लोग संयंत्र के ओएचबी जंक्शन-2 और 3 के प्रोजेक्ट स्टोर के पीछे स्थित प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर स्क्रैब कॉपर तार चोरी करने का प्रयास कर रहे थे।

आरोपियों ने वहां रखे 65-65 किलोग्राम वजन वाले दो बंडल, यानी कुल 130 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर तार चोरी करने की कोशिश की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कुछ आरोपियों को CISF ने मौके पर पकड़ा

जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले आरोपी सुनील कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान कुछ आरोपियों को सीआईएसएफ ने मौके पर ही पकड़ लिया था। इसके बाद चोरी किए गए 130 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर तार को जब्त कर लिया गया। मुख्य आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने फरार साथियों की तलाश शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों और लगातार दबिश के आधार पर 8 जून को आरोपी उमेश बाग को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 9 जून को फरार चल रहे यमन उर्फ अमन और संदीप कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सभी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

लगातार चोरी के बाद अलर्ट मोड पर प्रबंधन

भिलाई स्टील प्लांट में हाल के दिनों में लोहा चोरी का एक बड़ा मामला सामने आने के बाद बीएसपी प्रबंधन और सीआईएसएफ अलर्ट मोड पर हैं। इसी सतर्कता के तहत कॉपर तार चोरी के प्रयास का भी जल्द खुलासा कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी भिलाई के पुरैना क्षेत्र स्थित डाक बंगला उत्कल चौक के निवासी हैं। आरोपियों की उम्र 19 से 23 वर्ष के बीच है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपी स्क्रैब कॉपर तार चोरी कर उसे बेचने और उससे अवैध रूप से धन कमाने की योजना बना रहे थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Exit mobile version