मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की ग्राम पंचायत लोहारी के नवापारा में भीषण जल संकट पैदा हो गया

ग्रामीणों के अनुसार, कुएं में पानी का स्तर लगातार कम हो रहा है। पानी भरने के लिए लोगों को कई मीटर नीचे उतरना पड़ता है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। सुबह से लेकर देर रात तक पानी के लिए लंबी लाइनें लगी रहती हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि कुएं में उपलब्ध पानी अक्सर गंदा और मिट्टी मिला होता है। ऐसे पानी के उपयोग से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। इसके बावजूद लोगों के पास कोई दूसरा ऑप्शन नहीं है।

पानी की तलाश बन गई रोज की चुनौती

ग्रामीण इंद्रकुमार, गुनोतिया सिंह और इंद्रपाल सिंह ने बताया कि पानी की व्यवस्था करना अब उनकी दिनचर्या का सबसे बड़ा हिस्सा बन गया है। कई बार लोग रात 12 बजे तक और सुबह 4 बजे से पानी के लिए लाइन में खड़े रहते हैं, फिर भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता।

महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी

जल संकट का असर पूरे गांव के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को पानी लाने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जल जीवन मिशन के लाभ नहीं मिलने का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद जल जीवन मिशन (जेजेएम) का लाभ उन्हें नहीं मिल रहा है। उनका कहना है कि योजनाएं कागजों में तो हैं, लेकिन जमीन पर उनका असर दिखाई नहीं दे रहा है।

टैंकर से पहुंचाया जा रहा पानी

ग्राम पंचायत लोहारी के सरपंच मोती सिंह ने बताया कि स्थिति को देखते हुए पिछले एक सप्ताह से टैंकरों के जरिए पानी की आपूर्ति की जा रही है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

पानी की टंकी में लीकेज, कई बोर भी हुए फेल

सरपंच ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी में लीकेज की समस्या है। इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में कराए गए अधिकांश बोरवेल भी सफल नहीं हो सके हैं।

कलेक्टर ने जांच और कार्रवाई का दिया आश्वासन

मामले पर एमसीबी कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने कहा कि जल संकट की जानकारी उनके संज्ञान में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित क्षेत्रों की तत्काल जांच कर वैकल्पिक जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही जल जीवन मिशन की टंकी में लीकेज की शिकायत की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version