
नए साल के जश्न में कोई आपराधिक घटना न हो, इसके लिए एसएसपी ने थाना प्रभारियों और एसीसीयू की टीम को निर्देश दिया है कि वे गांजा सप्लायर, सट्टेबाज और आदतन अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करें। इसी क्रम में एसीसीयू टीम और कोतवाली पुलिस की टीम ने ये कार्रवाई की है।
हिस्ट्रीशीटर रवि साहू पर 79 केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक, रवि साहू रायपुर का कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ अब तक 79 से ज्यादा अपराध दर्ज हैं। इनमें हत्या, चाकूबाजी, तस्करी, अवैध शराब और गांजा कारोबार जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। वह कई बार जिला बदर भी किया जा चुका है, लेकिन हर बार जेल से बाहर आते ही फिर से अवैध गतिविधियों में सक्रिय हो जाता है।
मुकेश बनिया भी फरार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एसीसीयू की टीम ने इसी दौरान मुकेश गुप्ता उर्फ बनिया के घर पर भी दबिश दी थी, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। बताया जा रहा है कि मुकेश पिछले एक महीने से फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इधर, देर रात तक कोतवाली पुलिस कार्रवाई में जुटी रही। इस दौरान कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार हिस्ट्रीशीटरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।