
बिजली विभाग के अनुसार, लंबे समय से बिल भुगतान नहीं होने के कारण करोड़ों रुपए का बकाया हो चुका है। इसी को देखते हुए विभाग ने विशेष विद्युत विच्छेदन अभियान चलाने का फैसला लिया है।
दूसरे जिलों से पहुंचेगी विशेष टीम
इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जांजगीर, सारंगढ़ समेत अन्य जिलों से करीब 10 टीमें रायगढ़ पहुंचेंगी। हर टीम में जेई, लाइनमैन सहित चार कर्मचारी शामिल होंगे, जो शहर के विभिन्न वार्डों में जाकर बकायादार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बंद करेंगे।
पहले चरण में कट चुके हैं 50 हजार से ज्यादा कनेक्शन
बिजली विभाग पहले चरण में 50 हजार रुपए से अधिक बकाया रखने वाले करीब ढाई हजार उपभोक्ताओं की बिजली लाइन काट चुका है। इस कार्रवाई के बाद कई उपभोक्ताओं ने अपना बकाया बिल जमा भी किया था। अब दूसरे चरण में 10 से 40 हजार रुपए तक के बकायादारों पर कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार और मंगलवार को चलेगा अभियान
जोन-1 के कार्यपालन अभियंता आर.के. राव ने बताया कि, बकायादारों की सूची काफी लंबी है और कई उपभोक्ता लंबे समय से बिजली बिल नहीं चुका रहे हैं। इसी कारण बाहर से टीमें मंगाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि सोमवार और मंगलवार को ऐसे सभी उपभोक्ताओं की बिजली लाइन काटी जाएगी, जिन पर 10 से 40 हजार रुपए तक का बकाया है। साथ ही उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए जल्द से जल्द अपना बकाया बिजली बिल जमा करें।