छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक घर में पति-पत्नी की लाश मिली

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक घर में पति-पत्नी की लाश मिली है। सोमवार को कमरे में पत्नी बिस्तर पर मृत पड़ी थी, जबकि पति पंखे से फांसी पर लटका मिला। वहीं, कमरे की दीवार पर लिपस्टिक से राजेश विश्वास नाम और उससे पत्नी की बात करने और मिलने जैसी बातें लिखी है।

आशंका है कि चरित्र संदेह के चलते पहले पति ने गला घोंटकर पत्नी को मार दिया फिर उसने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। दीवार पर लिखा है कि ‘राजेश विश्वास के कारण हम मर रहे हैं। अपनी मां के मोबाइल में बात करते पकड़ी गई। पति के नहीं रहने पर वह बात करती थी। ऊर्जा पार्क में भी पकड़ी गई। बच्चे आई लव यू।’

घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बताया कि मृतिका नेहा उर्फ शिवानी तांबे ने 10 साल पहले राज तांबे से लव मैरिज की थी। दंपती के 3 बच्चे हैं। चरित्र संदेह को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

दोपहर तक घर से बाहर नहीं निकले थे

टीआई प्रदीप आर्या ने बताया कि अटल आवास में राज तांबे और नेहा उर्फ शिवानी तांबे रहते थे। दोनों लायंस कंपनी में सफाईकर्मी का काम करते थे। उनके 3 बच्चे हैं। दोनों पति-पत्नी 24 नवंबर की दोपहर तक घर से बाहर नहीं निकले।

तब मोहल्ले में ही रहने वाली मृतका की मां रीना चिन्ना उन्हें देखने के लिए घर गई। तब घर का दरवाजा बंद था। वह दरवाजा खोलकर अंदर गई। उनकी बेटी नेहा उर्फ शिवानी बिस्तर पर मृत पड़ी थी। वहीं उनका दामाद पंखे में फांसी के फंदे पर झूल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही सरकंडा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।

दीवार पर लिपस्टिक से लिखा नाम और नंबर

घर के अंदर दीवार पर लिपस्टिक से ‘राजेश विश्वास’ नाम और मोबाइल नंबर लिखा है। साथ ही लिखा यह भी लिखा है कि उसकी पत्नी मोबाइल पर बात करते पकड़ी गई। ऊर्जा पार्क में वो भी पकड़ी गई थी। इसके अलावा एक पन्ने का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पति ने अपनी मौत के लिए राजेश विश्वास को जिम्मेदार ठहराया है।

पत्नी के गले में खरोंच, हत्या की आशंका

फोरेंसिक टीम की शुरुआती जांच में नेहा के गले पर खरोंच के निशान मिले हैं। इससे आशंका है कि राज ने पहले पत्नी की गला दबाकर हत्या की और फिर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Exit mobile version