कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में अवैध शराब पर कार्रवाई की गई

Chhattisgarh Crimesकांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में अवैध शराब पर कार्रवाई की गई है। चारामा के बाजार पारा में पुलिस ने एक महिला को अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 26 नग देशी प्लेन शराब और 400 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

थाना प्रभारी तेज वर्मा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से अवैध शराब बेचने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। बाजार पारा में रेखा सोनकर (पति राजेश सोनकर) अपने घर में अवैध तरीके से शराब रखकर उसकी बिक्री कर रही थी।

पुलिस ने महिला को रंगे हाथों पकड़ा

पुलिस ने आरोपी महिला को रंगे हाथों पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 400 रुपये नकद और 26 नग देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 2080 रुपये आंकी गई है।

जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

खुलेआम लोगों को शराब परोसी जा रही

हालांकि, चारामा नगर में शराब दुकान जाने वाले मार्ग पर नेशनल हाईवे किनारे स्थित कुछ ढाबों में नियमों को ताक पर रखकर खुलेआम लोगों को शराब परोसी जा रही है। इस मामले में पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि लोग लगातार इसकी शिकायत कर रहे थे।