उत्तर बस्तर कांकेर वन विभाग के उड़नदस्ता दल ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesउत्तर बस्तर कांकेर वन विभाग के उड़नदस्ता दल ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 26 दिसंबर की रात ग्राम कुलगांव के पास जांच के दौरान दो ट्रकों को जब्त किया गया। इन ट्रकों में बिना वैध दस्तावेजों के भारी मात्रा में वनोपज का परिवहन किया जा रहा था।

पहले मामले में, वाहन (क्रमांक CG 04 PB 1305 टाटा 1512) को रोका गया। चालक बीरू मंडावी (निवासी ग्राम दमकसा) ने बताया कि उसने ग्राम कोरगांव निवासी मनराखन के माध्यम से वाहन मालिक तौसिफ मेमन के कहने पर आम की लकड़ी लोड की थी। यह खेप कोरगांव से उतई (दुर्ग) ले जाई जा रही थी।

लकड़ी भरकर उतई जा रहा था

वन विभाग के मुख्य वन संरक्षक उड़नदस्ता प्रभारी धनलाल साहू और उनकी टीम ने जब वैध दस्तावेज मांगे, तो चालक कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहन और वनोपज को जब्त कर सिंगारभाट डिपो लाया गया।

दूसरी कार्रवाई में, वाहन क्रमांक (CG 17 KY 6664 टाटा 1516) को पकड़ा गया। चालक सेवक दास सोभिया (19 वर्ष, निवासी बड़ेराजपुर) ने बयान दिया कि वह ग्राम मिरमिंडा से आम, जामुन और महानिम की मिश्रित लकड़ी भरकर उतई (दुर्ग) जा रहा था।

चालक के अनुसार, यह लकड़ी केशलकाल निवासी सोहेल खान की थी, जिसने परिवहन के लिए कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए थे। इस वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

मामला दर्ज कर जांच शुरू

उड़नदस्ता दल ने दोनों वाहनों को जब्त कर जब्तीनामा तैयार किया। जब्त लकड़ी का धर्मकांटा पर वजन कराने के पश्चात उसे सिंगारभाट वन काष्ठागार (डिपो) में खाली कराया गया है। वन विभाग ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version