दुर्ग पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा किया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। थाना पुरानी भिलाई और थाना जामुल पुलिस की टीम ने कुल 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। दोनों मामलों में लाखों रुपए की चोरी गई संपत्ति भी बरामद की गई है।

जानकारी के मुताबिक, पहले मामले में आरोपियों ने मोबाइल दुकान में शटर तोड़कर 40 हजार कैश की चोरी की थी। दूसरे मामले में सूने मकान में करीब 2 लाख की चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। दोनों वारदात के आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

मोबाइल दुकान में चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

पहले मामले में 5 जुलाई 2025 को थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज स्थित एक मोबाइल दुकान में शटर तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

चोरों ने दुकान से कीपैड मोबाइल, एयर बर्ड, पुराने इस्तेमाल किए गए मोबाइल तथा दराज व गुल्लक में रखी नगदी कुल करीब 40 हजार रुपये चोरी कर लिए थे।

विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खुर्सीपार निवासी कुलदीप कौशिक कीपैड मोबाइल बेचने की फिराक में है। घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया।

पूछताछ में उसने अपने साथी विराज निर्मलकर के साथ चोरी करना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 6 कीपैड मोबाइल और 2 एयर बर्ड बरामद किए गए, जबकि नगदी राशि खर्च करना बताया गया।

दोनों आरोपियों को 29 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।

सूने मकान में चोरी, सोने-चांदी के जेवरात बरामद

दूसरा मामला थाना जामुल क्षेत्र का है, जहां शंकर नगर छावनी स्थित एक सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। प्रार्थी पुरेंद्र कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी पत्नी के इलाज के लिए रायपुर गए थे।

लौटने पर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के और नगदी चोरी पाए गए। मुखबिर की सूचना और हुलिए के आधार पर पुलिस ने खुर्सीपार निवासी कुलदीप सिंह उर्फ बी. कुलदीप और एस. विनय उर्फ बुल्लू को हिरासत में लिया।

पूछताछ में दोनों ने चोरी स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से सोने की अंगूठी, टॉप्स, 9 चांदी के सिक्के, चांदी की बिछिया सहित कुल 1,83,500 रुपए की संपत्ति बरामद की गई। दोनों को 29 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर केन्द्रीय जेल दुर्ग भेजा गया।

अन्य मामलों में भी चल रही आरोपियों की पतासाजी

दुर्ग पुलिस इस साल बचे हुए अन्य मामलों में भी आरोपियों की पतासाजी कर रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जिन भी मामलों में कड़ियां जुड़ रही है उनमें अपराधियों की गिरफ्तारी हो रही है।

इस साल के बचे हुए दो दिनों में अन्य मामलों में भी आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सकती है। पुलिस ने बताया कि पेंडिंग मामलों में ज्यादातर मामले इस साल पूरे हो चुके हैं।