छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नए साल के जश्न को लेकर पुलिस ने अलर्ट जारी किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नए साल के जश्न को लेकर पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। गाइड लाइन के मुताबिक शहर के होटल-रेस्टोरेंट, बार और रिसॉर्ट में 12.30 बजे तक ही न्यू ईयर सेलिब्रेट कर सकेंगे। वहीं, खुली जगहों और सार्वजनिक स्थानों में रात 10.30 बजे के बाद डीजे या तेज आवाज में गाने नहीं बज सकेंगे।

ऐसा करने पर आयोजकों के साथ ही डीजे संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में उपद्रवियों और हुड़दंग मचाने वालों पर ड्रोन से नजर रखी जाएंगी। साथ ही चौक-चौराहों पर पुलिस की चेकिंग पाइंट भी बनाए जाएंगे।

शहर के होटल- रेस्टारेंट में इस बार न्यू ईयर पर कोई बड़ा आयोजन नहीं हो रहा है। न ही कोई सेलिब्रेटी बुलाए जा रहे हैं। कुछ होटलों में डीजे नाइट के साथ न्यू ईयर सेलिब्रेट करने का कार्यक्रम तय है। इसके अलावा, लोग रिसॉर्ट सहित सार्वजनिक स्थलों पर नए साल का जश्न मनाने की तैयारी में हैं।

31 दिसंबर को जिलेभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर को जिले को अपराध और सड़क हादसों से मुक्त रखने के लिए व्यापक तैयारी की गई है। पिछले 4-5 दिनों से विशेष अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई भी की जा रही है। इसके साथ ही जिले में 74 गश्ती प्वाइंट बनाए गए हैं।

हर चौक-चौराहे पर 8 से 10 जवानों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहन चालकों की सघन जांच की जाएगी। पुलिस को जांच के लिए आवश्यक मशीनें भी उपलब्ध कराई गई हैं। पुलिस की टीम देर शाम से ही अलर्ट मोड पर रहेगी।

चौक-चौराहों पर तैनात रहेंगे 800 से अधिक जवान

एसएसपी के अनुसार 31 फर्स्ट की रात 800 से अधिक पुलिस जवानों को ड्यूटी पर लगाई जाएगी। पेट्रोलिंग के लिए अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था की गई है। शहर के चौक-चौराहों के साथ ही होटल, रेस्टारेंट व आयोजन स्थल के आसपास पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी।

वहीं, धार्मिक स्थलों, पिकनिक स्पॉट, सार्वजनिक स्थानों, होटल, रेस्टोरेंट, बार, रिसॉर्ट और फार्म हाउस पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। इसके साथ ही एहतियात के तौर पर 31 दिसंबर की सुबह से ही पुलिस की टीम आउटर क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखेगी। इसके लिए पॉइंट ड्यूटी और सेक्टर ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Exit mobile version