रायपुर नगर निगम ने टैक्स नहीं चुकाने वाले बड़े बकायादारों पर सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम जोन-8 के राजस्व विभाग ने कई वर्षों से बकाया राशि जमा नहीं करने वाले 7 बड़े बकायादारों के व्यवसायिक परिसरों को सील कर दिया।
इन सभी को पहले डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसके बाद भी बकाया नहीं चुकाया गया। वार्ड-70 रायपुरा स्थित पुष्प वाटिका मैरिज गार्डन को तत्काल सीलबंद किया गया। इस मैरिज गार्डन पर नगर निगम का 45 लाख 99 हजार 952 रुपए टैक्स बकाया था।
71 लाख से ज्यादा की वसूली के लिए अभियान
वहीं, जोन-8 के अंतर्गत संत रविदास वार्ड क्रमांक 70 और वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1 में यह अभियान चलाया गया। इन 7 बड़े बकायादारों पर नगर निगम का कुल 71 लाख 1 हजार 56 रुपए बकाया है।
आयुक्त के आदेश पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेश पर, उपायुक्त राजस्व जागृति साहू और जोन-8 जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के निर्देश में की गई। अभियान का नेतृत्व सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल ने किया। मौके पर राजस्व निरीक्षक राजेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इन बकायादारों पर हुई सीलबंदी
नगर निगम के अनुसार जिन बकायादारों के परिसरों को सील किया गया, उनमें
- पुष्प वाटिका मैरिज गार्डन – ₹45.99 लाख
- प्रीतम सिंह – ₹5.23 लाख
- अशोक कुमार, विजय कुमार, विनोद कुमार नवानी – ₹2.23 लाख
- हरवंश सिंह, महेंद्र सिंह, सुरजीत कौर – ₹4.46 लाख
- राहुल धारीवाल – ₹18.17 लाख
- आदिल खान – ₹1.39 लाख
- देवीलाल शर्मा – ₹10.10 लाख
निगम की चेतावनी
जोन-8 के अधिकारियों ने साफ कहा है कि बकाया टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। टैक्स वसूली के लिए अभियान चलाकर नियमानुसार सीलबंदी और अन्य कार्रवाई की जाएगी।
पिछले दिनों निगम की टीम ने शहर के प्रमुख व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और बड़े बकायेदारों पर शिकंजा कसा था। इसी कार्रवाई के तहत गौरव गार्डन और मधुबन को प्रॉपर्टी टैक्स बकाया होने पर डिमांड बिल और नोटिस जारी किया गया है।
निगम की टीम ने अम्बुजा मॉल, डि-कैथलॉन, श्रीराम बिजनेस पार्क, सफायर ग्रीन, राम वर्ल्ड, अमर मैरिज पैलेस, गोयल गोडाउन और वाइन शॉप सहित कई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़े दस्तावेजों की जांच भी की गई।
100% राजस्व वसूली का है लक्ष्य
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी 10 जोनों को आदेश दिए हैं कि बड़े बकायेदारों को तुरंत डिमांड बिल सहित नोटिस जारी किए जाएं और राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए।
जिसके बाद गौरव गार्डन, मधुबन, ओमाया और अमायरा में सर्वे कर प्रॉपर्टी टैक्स की जांच की गई। इसके बाद आज गौरव गार्डन और मधुबन को नोटिस जारी कर दिया गया है। अंबुजा मॉल और डिकैथलॉन, श्रीराम बिजनेस पार्क और सफायर ग्रीन को भी जल्द ही नोटिस देने की तैयारी चल रही है।