रायपुर में नशे के कारोबार पर रोक लगाने चलाए जा रहे अभियान ने खम्हारडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक युवक को प्रतिबंधित हुक्का सामान के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गीतांजली कॉम्पलेक्स के पास स्थित एक मकान में हुक्का से संबंधित प्रतिबंधित सामग्री का भंडारण किया जा रहा है। जानकारी के आधार पर पुलिस ने मौके पर रेड कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान सूरज नायडू (37) निवासी डी.एम. वाटिका थाना खम्हारडीह के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से हुक्का पॉट, पाईप, नोजल, कोल, विभिन्न प्रकार के फ्लेवर, तंबाकू और हुक्का से जुड़ी अन्य सामग्री कीमत करीब 40 हजार रुपए जब्त की गई है।
थाने में दर्ज हुईं FIR
पुलिस ने आरोपी सूरज नायडू के खिलाफ थाना खम्हारडीह में अपराध दर्ज किया है। उस पर धारा 4(क), 21(क) सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद (विज्ञापन का प्रतिषेध एवं व्यापार और वितरण का विनियमन) अधिनियम 2003 एवं संशोधन अधिनियम 2023 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।