जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में एक दंतैल हाथी ने बीते 10 दिनों से उत्पात मचा रखा

Chhattisgarh Crimesजशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में एक दंतैल हाथी ने बीते 10 दिनों से उत्पात मचा रखा है। बीती रात हाथी ने दो अलग-अलग गांवों में घुसकर तीन घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और ग्रामीणों में भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कुड़ेकल खजरी में हाथी ने चमर साय और सुबल साय के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं, ग्राम शेखरपुर में देवानंद पैंकरा के घर को तोड़कर भीतर रखा अनाज भी खा गया। इन घटनाओं से पीड़ित परिवारों को भारी नुकसान हुआ है।

दंतैल हाथी से ग्रामीणों में दहशत

ग्रामीणों ने बताया कि दंतैल हाथी कई दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है, जिससे रात के समय लोग अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में विशेष रूप से भय बना हुआ है।

हाथी की निगरानी कर रहा है वन विभाग

इस मामले में वन विभाग सक्रिय हो गया है। पत्थलगांव वन विभाग के एसडीओ के.एस. पैंकरा ने बताया कि वन अमला हाथी की लगातार निगरानी कर रहा है। हाथी द्वारा किए गए नुकसान का आकलन कर मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है।

दंतैल हाथी को वन विभाग आबादी से दूर खदेड़ने में जुटा

प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों को हाथी से बचाव के लिए लगातार मुनादी कर सतर्क किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जा रहा है। वन विभाग हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ने का प्रयास कर रहा है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।

Exit mobile version