छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार को एक और किसान से सुसाइड की कोशिश की है। धान नहीं बेच पाने से परेशान किसान ने तहसील कार्यालय के बाहर जहर पी लिया। जिसे इलाज के लिए बिलासपुर में भर्ती किया गया है। मामला हरदी बाजार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित किसान का नाम बैसाखू मरकाम (60) है और वह झांझ गांव का रहने वाला है। ऑनलाइन रिकॉर्ड में रकबा कम दिखाने के कारण वह ज्यादा धान नहीं बेच पा रहा था। उसने अब महज 15 क्विंटल धान ही बेचा था। सुधार कार्य के लिए वह तहसील कार्यालय के चक्कर काट रहा था।
यह 24 घंटे के भीतर जिले में ऐसी दूसरी घटना है। इससे पहले धान बिक्री के लिए टोकन नहीं मिलने से परेशान किसान ने कीटनाशक पी लिया था। उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोप है कि किसान पटवारी से लेकर तहसील ऑफिस तक के चक्कर काटे। जनदर्शन में भी शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, किसान बैसाखू मरकाम के पास 3 एकड़ 27 डिसमिल खेत है। ऑनलाइन रिकॉर्ड में जमीन रकबा कम शो कर रहा था। ऐसे में किसान अब तक मात्र 15 क्विंटल धान ही बेच पाया था। सुधार कार्य कराने के लिए वह तहसील कार्यालय के चक्कर काट रहा था।
लेकिन किसान का काम नहीं हो रहा था। जिससे वह परेशान था। मंगलवार दोपहर वह हरदी बाजार तहसील कार्यालय पहुंचा। कुछ ही देर बाद उसने दफ्तर के सामने खुदकुशी के इरादे से जहर पी लिया।
किसान की बिगड़ी हालत
किसान की हालत बिगड़ने पर आसपास के लोगों ने प्रशासन और परिजनों को सूचित किया। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पुलिस और परिजन भी पहुंचे। पीड़ित की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज देने के बाद उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।