छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में अब तक 26 करोड़ का धान के खराब हो चुका है। ताजा मामला गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले का है। जहां साल 2024-25 में खरीदा गया लगभग 20,000 क्विंटल धान खराब हो गया है। इससे शासन को अनुमानित 6 करोड़ रुपए से ज्यादा का आर्थिक नुकसान हुआ है।
बताया जा रहा है पेंड्रा रोड स्थित संग्रहण केंद्र में खुले में रखे जाने के कारण नमी, बारिश के कारण धान सड़ गया था। इसके पहले कवर्धा जिले में चूहे-दीमक, बारिश से धान खराब हुआ था। जशपुर में 7 करोड़ का धान गायब होने का मामला सामने आया था।
महासमुंद जिले के 5 संग्रहण केन्द्रों में करीब साढ़े 5 करोड़ का धान सूख गया। वहीं जगदलपुर में PCC चीफ दीपक बैज ने 1.46 लाख क्विंटल धान खराब होने का आरोप लगाया है।
पेंड्रा में खराब धान बेचने की बात कह रहे अधिकारी
जानकारी के अनुसार, साल 2024-25 में खरीदी के बाद पेंड्रारोड स्थित संग्रहण केंद्रों में लंबे समय तक धान पड़ा रहा। इसे समय पर कस्टम मिलिंग के लिए राइस मिलों तक नहीं पहुंचाया जा सका। अव्यवस्थित भंडारण और खुले में रखे जाने के कारण धान पर नमी, बारिश और अन्य मौसमी प्रभावों का असर पड़ा।
इन कारणों से धान पूरी तरह काला पड़ गया और अमानक हो गया। अब इसकी गुणवत्ता इतनी गिर चुकी है कि यह उपयोग के योग्य नहीं रह गया है। किसानों और संबंधित हितधारकों में इस मामले को लेकर भारी नाराजगी है।
उनका कहना है कि यदि समय रहते परिवहन, उचित कवरिंग और मिलिंग की व्यवस्था की जाती, तो इस बड़े नुकसान से बचा जा सकता था। प्रशासनिक स्तर पर समयबद्ध उठाव न होने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
जिला विपणन अधिकारी हरीश शर्मा ने इस संबंध में सफाई देते हुए कहा है कि कुल 20 हजार क्विंटल में से लगभग 16 हजार क्विंटल धान का डिलीवरी ऑर्डर (DO) कट चुका है और राइस मिलर्स इसे उठाने को तैयार हैं।
कवर्धा में चूहे-दीमक, बारिश ने खराब किया धान
कवर्धा में चारभांठा और बघर्रा धान खरीदी केंद्र में खरीफ विपणन साल 2024-25 के दौरान MSP में खरीदे गए 26 हजार क्विंटल धान का शॉर्टेज मिला। जांच में इसकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपए आंकी गई है। अधिकारियों का दावा है कि 26 हजार क्विंटल धान चूहे, दीमक, कीड़े और मौसम की मार से नष्ट हुआ है।
जांच के दौरान दोनों धान खरीदी केंद्रों में फर्जी एंट्री, फर्जी बिल, मजदूरों की फर्जी हाजिरी और CCTV कैमरे से छेड़छाड़ जैसे गंभीर मामले सामने आए हैं। शिकायत सही पाए जाने के बाद बाजार चारभांठा धान खरीदी केंद्र के प्रभारी प्रीतेश पांडे को हटा दिया गया है।