
नोटिफिकेशन जारी हुए 1 साल और परीक्षा हुए 10 महीने बीत चुके हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल की ओर से रिजल्ट को लेकर कोई बड़ा अपडेट नहीं आया है। जबकि इतने दिनों के बाद व्यापमं को दिव्यांगता के प्रकार की पूछने की याद आई।
व्यापमं की ओर से इसे लेकर एक सूचना जारी की गई और दिव्यांग अभ्यर्थियों से उनके दिव्यांगता के प्रकार की जानकारी मांगी गई है।
इस देरी से 1 लाख से ज्यादा युवाओं की उम्मीदें अधर में लटक गई हैं, जो इस परीक्षा के जरिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का सपना देख रहे थे।
अभ्यर्थी बोले- व्यापमं एग्जाम लेने के काबिल नहीं
गणित विषय से CG SET का एग्जाम देने वाले अभ्यर्थी इंद्रजीत साहू का कहना है कि 10 महीने बीतने के बाद भी रिजल्ट जारी नहीं करना इस बात का सबूत है कि व्यापमं एग्जाम लेने के काबिल नहीं है।
व्यापमं के अधिकारियों ने भी रिजल्ट को लेकर कोई साफ जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि रिजल्ट आने के बाद कम से कम जुलाई महीने में आने वाली वैकेंसी में अप्लाई करने लायक वे होंगे।
इसी तरह बिलासपुर से आए मनीष पटेल ने कहा कि परीक्षा को साल्व करने के लिए 3 घंटे का समय दिया जाता है। उसका रिजल्ट निकालने में आखिर इतनी देरी क्यों। उन्होंने बताया कि नेशनल लेवल की यूजीसी नेट की परीक्षा इन 10 महीनों में 2 बार हो गई और तीसरी बार एग्जाम के लिए नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया, लेकिन छत्तीसगढ़ व्यापम की ये देरी समझ से परे है।
मॉडल आंसर से जगी उम्मीद, फिर से आई मायूसी
पिछले महीने छत्तीसगढ़ व्यापम ने पेपर-1 के मॉडल आंसर जारी किए थे। इससे उम्मीद बनी थी कि मार्च के आखिरी हफ्ते तक नतीजे आ जाएंगे। लेकिन मार्च भी निकल गया और अप्रैल भी आधा बीत चुका है, रिजल्ट अब तक नहीं आया।
हर दिन परीक्षार्थी पोर्टल पर लॉगिन करके देख रहे हैं कि शायद आज कुछ अपडेट हो लेकिन उन्हें सिर्फ ‘जल्द ही जारी किया जाएगा’ जैसा मैसेज ही देखने को मिल रहा है। अभ्यर्थियों ने इस पूरे एग्जाम का टाइमलाइन भी बताया है।
CG SET एग्जाम का टाइमलाइन
5 मार्च 2024: CGSET 2024 का विज्ञापन प्रकाशित।
13 मई – 9 जून 2024: आवेदन की समयसीमा।
7 जुलाई 2024: प्रारंभिक संभावित परीक्षा तिथि घोषित।
10 मई 2024 की अधिसूचना: सुधार सुविधा (10–12 जून) व नई संभावित तिथि 27 जुलाई 2024 घोषित।
15 जुलाई 2024: परीक्षा की पुष्टि 21 जुलाई 2024 को हुई, एडमिट कार्ड जारी।
23 जुलाई 2024: उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 15 नए विषय SET में जोड़े गए।
4 सितंबर 2024: कुछ विषयों के मॉडल उत्तर जारी; शेष उत्तर बाद में।
24 फरवरी 2025: CGVYAPAM ने ऑनलाइन अनुबंध समाप्त होने की बात कहकर पेपर-1 परिणाम में देरी की सूचना दी।
6 मार्च 2025: पेपर-1 के मॉडल उत्तर जारी हुए; आपत्ति के लिए 13 मार्च तक समय।
14 मई 2025 – दिव्यांगता का प्रकार पूछा गया, 17 मई 2025 तक समय दिया गया