सीएम भूपेश बोले- रमन को उल्टा क्यों नहीं टांगते शाह : अंबिकापुर में बिना माइक सभा को किया संबोधित, नामांकन के बहाने सिंहदेव का शक्ति प्रदर्शन

Chhattisgarh Crimes

सरगुजा। अंबिकापुर में नामांकन रैली के बहाने डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने शक्ति प्रदर्शन किया। सिंहदेव की रैली में सड़क पर जनसैलाब नजर आया। नामांकन में शामिल होने सीएम भूपेश भी पहुंचे हालांकि उन्हें देर हो गई थी। नामांकन का समय और आमसभा की अनुमति अवधि खत्म हो चुकी थी। उन्होंने कला केंद्र मैदान में बिना माइक के ही सभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अमित शाह कहते हैं कि भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाएंगे तो कमीशनखोरी करने वाले डॉ. रमन सिंह को वे क्यों उल्टा नहीं टांगते हैं ? भूपेश बघेल जब तक अंबिकापुर पहुंचे तब तक कोठीघर से निकलकर सिंहदेव की रैली सदर रोड, महामाया चौक, संगम चौक, देवीगंज रोड होते हुए कला केंद्र मैदान पहुंची चुकी थी।

नामांकन का समय खत्म होने के बाद पहुंचे सीएम

अंबिकापुर, सीतापुर और लुंड्रा के प्रत्याशियों की संयुक्त रैली आयोजित की गई थी। जिसमें सिंहदेव ने अपनी ताकत दिखाई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को इसमें शामिल होना था। वो रायगढ़ से हेलीकॉप्टर से दरिमा पहुंचे थे। लेकिन जब तक वो अंबिकापुर पहुंचे नामांकन का समय खत्म हो चुका था।

टीएस हमेशा मेरे बड़े भाई- बघेल

अंबिकापुर कलेक्टोरेट परिसर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने टीएस सिंहदेव को देखते ही उन्हें गले लगा लिया। पत्रकारों से चर्चा करते हुए बघेल ने कहा कि टीएस सिंहदेव हमेशा मेरे बड़े भाई हैं और रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस इस बार विधानसभा की 72 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।

सिंहदेव, भगत समेत 3 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन

अंबिकापुर से कांग्रेस प्रत्याशी और डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, सीतापुर से प्रत्याशी मंत्री अमरजीत भगत और लुंड्रा से पार्टी के प्रत्याशी डॉ प्रीतम राम ने कलेक्टोरेट पहुंचकर नामांकन दाखिल कर दिया।

Exit mobile version