
रायपुर/ बलरामपुर। मकर संक्रांति के अवसर पर रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में पतंग उत्सव की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने पतंग भी उड़ाई, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल चकरी थामे दिखे। पुरखौती मुक्तांगन में शुरू हुए इस उत्सव में 12 राज्यों से पतंगबाज पहुंचे हैं।
सीएम ने मकर संक्रांति, पोंगल, गुड़ीपड़वा और लोहड़ी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, यह पर्व भगवान सूर्य की उपासना करने का पर्व है। पिछले 1 महीने तक खरमास चल रहा था आज से शुभ कार्य शुरू होंगे।
संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, आज से अयोध्या में प्रभु रामलला के प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान शुरू हो रहा है। आज गुजराती, तेलुगू, महाराष्ट्रियन, सिक्ख, मारवाड़ी सहित कई समाज मिलकर पतंग उत्सव मना रहे हैं। यह देश की एकता और अखण्डता का प्रतीक है।
इससे पहले सीएम साय ने रायपुर के राम मंदिर में झाड़ू पकड़कर सफाई की। इस दौरान सांसद सोनी और मंत्री बृजमोहन अग्रवाल समेत कई लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि, अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। हम अभी राम मंदिर में सफाई और सेवा कार्य करके आ रहे हैं। आप सभी लोगों से भी निवेदन है कि धार्मिक स्थलों की सफाई और पूजन करें।