तेलीबांधा चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में दोपहिया सवार एमबीए पास युवती आ गई। युवती ट्रक को ब्लाइंड स्पॉट से ओवरटेक करके तेलीबांधा थाने की ओर जाने की कोशिश कर रही थी। इसी के चलते वह ट्रक के सामने आ गई और पहिए के नीचे आने से युवती की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। लोगों ने दर्दनाक हादसे के बाद भारी वाहनों को डायवर्ट करने की मांग की है।
ट्रक या बस के दाईं ओर, और खासकर उनके ‘ब्लाइंड स्पॉट’ के पास दोपहिया वाहन नहीं ले जाना चाहिए। ऐसा इसलिए है क्योंकि इन जगहों पर ट्रक या बस के चालक को कम दृश्यता होती है, जिससे दोपहिया वाहन को उनकी दृष्टि में पकड़ना मुश्किल हो जाता है।
तान्या ने आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए इसी साल पूरा किया था। सप्ताह भर पहले भाई की शादी थी। इसी में वह रायपुर आई थी। एमबीए पूरा होने के बाद वह यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। इसके लिए शंकरनगर कोचिंग करने जा रही थी। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गई।
तान्या की हादसे में मौत की जानकारी देर शाम तक उनकी मां मल्लिका रेड्डी को नहीं दी गई थी। उनके पिता एल रामकृष्ण रेड्डी इंदौर में प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। उनको जानकारी मिली, तो रायपुर पहुंचे। घटना से युवती के माता-पिता दोनों सदमे में हैं। बेटी को अधिकारी बनाने का उनका सपना टूट गया। दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका का पीएम के बाद शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
तेलीबांधा चौराहे पर हमेसा हादसे का खतरा रहता है। दरअसल वीआईपी रोड से टाटीबंध की ओर जाने वाले भारी वाहन लेफ्ट की बजाए राइट और सेंटर में चलते हैं, जबकि तेलीबांधा की ओर जाने वाले वाहनों को राइट साइड चलते हुए जाना पड़ता है। इसी दौरान सिग्नल ग्रीन होने पर हादसे का खतरा सबसे ज्यादा रहता है।