दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) रायपुर मंडल के तहत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के सांसदों की सोमवार को रेल मंडल कार्यालय में जीएम के साथ बैठक हुई। बैठक में अपने-अपने क्षेत्रों की रेलवे से जुड़ी क्षेत्रीय समस्याओं, विकास योजनाओं, अधोसंरचना विस्तार और यात्रियों की सुविधाओं पर चर्चा की गई।
इस दौरान सांसदों की ओर से शिकायत की गई कि लोकल लेवल रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी उनकी बाते नहीं सुनते। इस पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, हमारी ओर से शिकायत हुई तो रेलवे के अफसरों को समस्या आ सकती है।
अग्रवाल ने आगे कहा कि, रेल मंत्री के निर्देश के बाद भी नई रेल लाइन में हो रहे अलाइनमेंट के मामले पर सांसदों से चर्चा नहीं हो रही है। ये गलत प्रक्रिया है। आपस में बात करके अलाइनमेंट का मामला सुलझाना चाहिए ताकि आम लोगों को समस्या न हो। इसके अलावा ग्रीन एनर्जी बढ़ाने, स्पोर्ट कोटा से रेलवे में भर्ती जैसे मुद्दे भी टेबल पर रखे गए।
सांसदों की ओर से की गई ये मुख्य मांगे
- कोरबा से दुर्ग तक जोड़ने के लिए केवल एक ट्रेन हैं। तीन मेमू ट्रेन चलाने की मांग।
- धमतरी, कुरूद और बालोद इन जगहों पर रेल लाइन का विस्तार की सिफारिश।
- अभनपुर में रेल आरक्षण केन्द्र जल्द खोलने की मांग।
- बिलासपुर एक्सप्रेस दुर्ग चलाने की बात रखी गई। ताकि रीवा के यात्री जो रायपुर-दुर्ग में रहते हैं, उनको राहत मिल पाए।
- रायपुर से गोवा तक सीधी ट्रेन चलाने की मांग रखी गई।
भारत माला प्रोजेक्ट को ध्यान में रखकर नहीं हो रही प्लानिंग
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि, भारत माला प्रोजेक्ट का दिसंबर तक पूरा होना है। प्रोजेक्ट के तहत बन रही सड़कों के कारण रेलवे को दिक्कतें आ सकती हैं। ऐसे में नई रेलवे लाइन का काम इन बातों को ध्यान में रखकर एंटी सिपेट करना चाहिए, जोकि उसने अब तक नहीं किया है।
स्पोर्ट्स कोटा में रुकी भर्ती पर फिर से शुरू करने के निर्देश
अग्रवाल ने बताया कि रेलवे अधिकारियों से कहा कि लंबे समय से रेलवे खेल कोटा से आए हुए आवेदनों को इग्नोर कर रहा है। फिर से भर्तियां शुरू करने के निर्देश उन्होंने दिए हैं। इसके अलावा अमृत स्टेशनों के निर्माण में गति लाने और रेलवे ट्रैक-स्टेशनों के आस-पास ग्रीन एनर्जी के लिए सोलर पैनल लगाने का सुझाव दिया गया है।
ट्रेन रद्द और कैंसिल के मुद्दे पर बोले- दो साल बाद सुधर सकेगी स्थिति
सांसद अग्रवाल ने बताया कि, ट्रेनों के रद्द और कैंसिल होने को लेकर भी रेलवे के अधिकारियों से जवाब मांगा गया था। जिस पर रेलवे की ओर से जवाब मिला है कि तीसरी, दूसरी और चौथी लाइन का काम चल रहा है। इसके बाद नई ट्रेनों के परिचालन की संभावना है। इसके अलावा नए रेलवे ट्रैक, अंडर ब्रिज, ओवर ब्रिज सहित 46 हजार करोड़ का काम प्रदेश में चल रहा है।
इन कामों के चलते काम दिक्कतें आ रही हैं। अधिकतर काम दो सालों में पूरे होने को हैं, ऐसे में दो सालों के बाद प्रदेश की स्थिति इन मामलों में बहुत बेहतर हो जाएगी।
ये रहे मौजूद
रायपुर मंडल में आयोजित इस बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विजय बघेल, महेश कश्यप, भोजराज नाग, रूपकुमारी चौधरी सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, मंडल रेल प्रबंधक दयानंद और बिलासपुर मुख्यालय के प्रधान विभाग अध्यक्ष रायपुर रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।