गांधी-नेहरू परिवार का बस्तर के आदिवासियों से गहरा लगाव

Chhattisgarh Crimes

जगदलपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के मुख्य आतिथ्य में आज यहां आयोजित भरोसे के सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के मिशन 2023 का आगाज करेंगे। प्रियंका पहली बार बस्तर आ रही हैं। उनके स्वागत की भव्य तैयारियां की गई हैं। आयोजन में भूपेश सरकार के चार वर्ष के कार्यों लेखा जोखा जनता के समक्ष रखा जाएगा।

बस्तर में प्रियंका के भरोसे के सम्मेलन से भूपेश करेंगे मिशन 2023 का आगाज

जगदलपुर के एतिहासिक लाल बाग मैदान में आयोजन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ ही राज्य सरकार के सभी मंत्री भी शामिल रहेंगे। प्रियंका के बस्तर आगमन पर यहां कार्यकर्ताओं में बहुत उत्साह देखा जा रहा है। भरोसे का सम्मेलन दोपहर 12 बजे प्रारंभ होगा। सम्मेलन मे एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रदेश के विभिन्न् जिलों के कांग्रेस नेता दो दिन पूर्व से ही यहां पहुंच रहे हैं।

प्रदेश सरकार के चार साल के कामों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा जाएगा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित संगठन के एक दर्जन से अधिक पदाधिकारी पहुंच चुके हैं। प्रभारी सचिव सांसद सप्तगिरी शंकर उल्का, चंदन यादव, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सहप्रभारी विजय जिगाड़ी भी दो दिनों से यहां डेरा डाले हुए हैं। मंत्री कवासी लखमा व अनिला भेड़िया की देखरेख में सम्मेलन की तैयारी की जा रही है।

बस्तर संभाग के सभी विधायक जगदलपुर में ही हैं। कांग्रेस नेताओं ने पूरे शहर को पोस्टरों से पाट दिया है। प्रियंका वाड्रा गांधी के बड़े-बड़े कट आउट सम्मेलन स्थल और मुख्य मार्गों में लगाए गए हैं। बस्तर संभाग के सभी जिलों से ग्रामीणों को लाने के लिए ग्राम पंचायतवार कलस्टर बनाकर बुधवार शाम को ही वाहन रवाना कर दिए गए हैं।

परब सम्मान निधि का भूपेश करेंगे शुभारंभ

सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल परब सम्मान निधि योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना में आदिवासी क्षेत्र की ग्राम पंचायतों को आदिवासी पर्व व त्योहारों के आयोजन के लिए राज्य शासन द्वारा साल में दस हजार रुपये की सहायता राशि देने का प्रविधान है। योजना के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री बस्तर संभाग की सभी 1840 ग्राम पंचायतों को पांच-पांच हजार रुपये की पहली किस्त जारी करेंगे। 2023-2024 के बजट में इस योजना की घोषणा की गई थी। यह योजना प्रदेश के 86 आदिवासी विकासखंडों में लागू की जाएगी।

गांधी नेहरू परिवार की प्रदर्शनी लगी

आयोजन स्थल पर गांधी नेहरू परिवार की प्रदर्शनी लगाई गई है। गांधी नेहरू परिवार का बस्तर के आदिवासियों से गहरा लगाव रहा है। प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू 1955 में यहां आदिवासी सम्मेलन में भाग लेने आए थे। इंदिरा गांधी ने अबूझमाड़ के ओरछा में सभा की थी। राजीव गांधी, संजय गांधी, सोनिया गांधी व राहुल गांधी भी बस्तर आ चुके हैं। इनके आगमन के अवसरों की तस्वीरों को प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया है।

Exit mobile version