धमतरी जिले में अलग-अलग मामले में 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई

Chhattisgarh Crimesधमतरी जिले में अलग-अलग मामले में 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। बस स्टैंड क्षेत्र स्थित मोबाइल शॉप से करीब 30 हजार की चोरी करने वाले 2 युवक पकड़े गए, इनमें एक नाबालिग शामिल है। वहीं, एकलव्य खेल मैदान में 47 हजार की नशीली दवाओं की अवैध बिक्री करते दो युवकों गिरफ्तार हुए है।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पहले मामले में चोर टीना शेड तोड़कर दुकान के अंदर घुसे। स्वास्तिक भोजनालय के पास स्थित ए.के. मोबाइल शॉप के मालिक अमित कश्यप ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दुकान बंद करने के बाद अगली सुबह जब वह पहुंचे, तो देखा कि चोर टीना शेड तोड़कर अंदर घुस गए थे।

16 मोबाइल फोन चुराए, कीमत 30 हजार

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। आरोपी वंश बघेल और एक नाबालिग को बस स्टैंड क्षेत्र से चोरी का माल बेचते हुए पकड़ा गया।

उनके पास से 16 मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया है। चोरी किए गए सामान की कीमत लगभग 30 हजार रुपए बताई जा रही है।

47 हजार की नशीली दवाई बरामद

वहीं, एकलव्य खेल मैदान में स्कूटी से नशीली दवाएं बेचते हुए 2 आरोपियों को पकड़ा गया। सिटी कोतवाली और साइबर टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एकलव्य खेल मैदान में एक्टिवा स्कूटी (नंबर CG-05-AR-6196) के पास से दो युवकों को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशेष शर्मा और आशुतोष तिवारी के रूप में हुई है। विशेष शर्मा मराठापारा के साईं मंदिर के पास रहता है। आशुतोष तिवारी आमातालाब रोड, इंडोर स्टेडियम, गौरा चौरा के पास का निवासी है।

पुलिस ने आरोपियों से स्कूटी, मोबाइल और नशीली दवाइयां जब्त की हैं। कुल 47 हजार रुपए का माल बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।