पति के भद्दे कमेंट से परेशान पत्नी ने थाने में की शिकायत

Chhattisgarh Crimes

रायपुर. रायपुर की एक महिला अपने पति की अय्याशियों से तंग आ चुकी है। मामला इस कदर बिगड़ा कि लड़की ने थाने में जाकर पति के खिलाफ FIR दर्ज करवा दी। मामले में शुरुआती जांच के बाद मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की है। महिला ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जबरन गर्भपात कराने जैसे आरोप भी लगाए हैं। महिला थाने की पुलिस इस केस की छानबीन कर रही है। 30 साल की महिला पुरानी बस्ती से लगे मोहल्ले की रहने वाली है।

महिला ने पुलिस से शिकायत में कहा है कि साल 2012 में हुई शादी के बाद से ही पति का व्यवहार ठीक नहीं था। वो दूसरी महिलाओं से संबंध बनाने की ताक में रहता था। उसे आइटम कहता था। भद्दे कमेंट किया करता था। युवती ने कहा है कि पति उसके साथ अक्सर गाली-गलौच और मारपीट करता था। वो कहता था कि उसे बीवी के नैन-नक्श पसंद नहीं। युवती ने कहा है- विवाह के बाद से ही मेरे पति मेरे रंग रूप और बनावट पर कहते थे कि तेरी शक्ल काम वाली बाई जैसे है और तू किन्नर की तरह दिखती है, मैंने अपने पिता (युवती के ससुर) की बातों पर आकर तेरे साथ शादी कर ली। वरना मैं कभी भी तुम से शादी नहीं करता।

महिला ने बताया कि उसके ससुर सरकारी नौकरी से हाल ही में रिटायर हुए हैं। वो बड़े कर्मचारी नेता रहे हैं। कई राजनीतिक दलों के लोगों और अफसरों से जान-पहचान की धौंस दिखाते रहे हैं। मामले में अब लड़की ने महिला थाने में शिकायत कर पति और ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version