धनबाद। झारखंड में धनबाद के जोड़ा फाटक स्थित दस मंजिला आशीर्वाद ट्विन टावर में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई। इसमें तीन बच्चों समेत 14 लोगों की मौत हो गई। आधिकारिक रूप से 10 मौत की पुष्टि की गई है। 24 से अधिक घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। आग लगने की वजह गैस सिलेंडर का फटना बताया जा रहा है। 20 से अधिक फायर ब्रिगेड आग बुझाने में जुटी हैं।
आग मंगलवार शाम साढ़े छह बजे थर्ड फ्लोर पर लगी। देखते-देखते एक फ्लैट से दूसरे फ्लैट और फिर 5 फ्लोर तक फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि झुलसने के कारण शव पहचान में नहीं आ रहे हैं। कुछ शव एक-दूसरे से चिपके हुए हैं। मृतकों में 10 महिलाएं, तीन बच्चे और एक बुजुर्ग शामिल हैं।
अब तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। अपार्टमेंट के अधिकतर फ्लैट खाली करा लिए गए हैं। कई लोग अपार्टमेंट की छत पर जाकर जान बचाने की गुहार लगा रहे हैं।