खैरागढ़ में निकाय चुनाव के दौरान हुई तोड़फोड़ मामले में पूर्व CM रमन सिंह के भांजे और जिला पंचायत उपाध्यक्ष सहित 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

Chhattisgarh Crimes

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में निकाय चुनाव के दौरान हुई तोड़फोड़ मामले में पूर्व CM रमन सिंह के भांजे और जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इन सभी के ऊपर मतदान केंद्र में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप है। रिटर्निंग ऑफिसर की लिखित शिकायत के बाद इस मामले में 2 अलग-अलग FIR शुक्रवार को खैरागढ़ थाने में दर्ज की गई है। इसमें एक FIR पुलिस की ओर से है।

दरअसल, खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव में 23 दिसंबर को मतगणना हुई थी। 20 वार्डों वाली इस पालिका में 10 पर भाजपा को जीत मिली, जबकि 9 कांग्रेस के खाते में गईं। वहीं, वार्ड-4 में टाई हो गया। दोनों ही प्रत्याशियों को 387 वोट मिले। इसके बाद हंगामा शुरू हुआ। उनकी मांग पर दोबारा गिनती हुई तो भाजपा उम्मीदवार कैलाश नागरे का एक वोट निरस्त हो गया। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुमित टांडिया को विजयी घोषित कर दिया गया।

कांग्रेस प्रत्याशी के जीत की घोषणा होते ही भाजपाइयों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के साथ अन्य भाजपाई नारेबाजी करते हुए मतगणना केंद्र के अंदर घुस गए। उन्होंने वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। मतदान केंद्र में रखी कुर्सियों को तोड़ दिया। इसके बाद बाहर ही बैठ कर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि रिटर्निंग अफसर की ओर से अज्ञात और पुलिस की ओर से नामजद FIR की गई है।

Exit mobile version