पटना। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी का सोमवार शाम को दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। वह 72 साल के थे। गले के कैंसर से पीड़ित थे। 3 महीने पहले गले में दर्द की शिकायत पर जांच कराई तो कैंसर का पता चला था। इसके बाद दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा था।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी अब हमारे बीच नहीं रहे।’
सुशील राज्यसभा से सांसद थे। इससे पहले वे बिहार कैबिनेट में उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने कैंसर की जानकारी खुद 3 अप्रैल को सोशल मीडिया पर दी थी। लिखा था, ‘पिछले 6 महीने से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूं। अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है।’
जेपी आंदोलन से राजनीति में आए थे
सुशील बिहार में 70 के दशक के जेपी आंदोलन से राजनीति में आए थे। इसके बाद RSS से जुड़े रहे। उनकी छात्र राजनीति की शुरुआत 1971 में हुई थी।
1990 में सुशील ने पटना केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और विधानसभा पहुंचे। साल 2004 में वे भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीते। साल 2005 में उन्होंने संसद सदस्यता से इस्तीफा दिया और विधान परिषद के लिए निर्वाचित होकर उपमुख्यमंत्री बने। यहीं से नीतीश कुमार के साथ उनका साथ शुरू हुआ।
नीतीश सरकार में डिप्टी CM रहे सुशील मोदी
सुशील मोदी 2005 से 2013 और 2017 से 2020 तक बिहार के वित्त मंत्री रह चुके हैं। वो नीतीश सरकार में डिप्टी CM भी रह चुके हैं। 2005 के बिहार चुनाव में NDA सत्ता में आई और मोदी को बिहार भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।
बाद में उन्होंने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया और बिहार के उपमुख्यमंत्री का पद संभाला। 2010 के बिहार चुनाव में NDA की जीत के बाद वह बिहार के उपमुख्यमंत्री बने रहे।
सम्राट चौधरी ने कहा- बिहार भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति
- अमित शाह ने X पर लिखा, ‘सुशील कुमार मोदी जी के निधन की सूचना से आहत हूं। आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया। उनकी राजनीति गरीबों और पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही। उनके निधन से बिहार की राजनीति में जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता।’
- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने X पर लिखा, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी जी के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। यह बिहार भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है।
- तेजस्वी प्रसाद यादव ने X पर लिखा, पूर्व उपमुख्यमंत्री, हमारे अभिभावक, संघर्षशील और कर्मठ नेता आदरणीय सुशील कुमार मोदी जी के असामयिक निधन व्यथित हूं।