धोखाधड़ी का शिकार हुई निगम की पूर्व एमआईसी मेंबर, दुबई में फैशन शो के नाम पर 17.88 लाख की ठगी

Chhattisgarh Crimes

भिलाई। दुबई में फैशन शो कराने का झांसा दिया गया, और भिलाई नगर निगम की एक पूर्व पार्षद व एमआईसी मेंबर झांसे में आ गई। मौके का फायदा उठाते हुए ठग ने 17 लाख 88 हजार रुपये ऐंठ लिया। जब ठगे जाने का एहसास हुआ तब पूर्व पार्षद व पूर्व एमआईसी मेंबर ने भठ्टी थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक पूर्व पार्षद व जेके फाउंडेशन सोशल वर्कर की डायरेक्टर टी .जया रेड्डी से फैशन शो के नाम पर सोडाला जयपुर राजस्थान निवासी विजय जैन द्वारा 17 लाख 88 हजार 328 रुपये ठगी की गई है। एवेन्यू सी, सेक्टर-1 निवासी टी जया रेड्डी ने भट्ठी थाने में शिकायत दर्ज करते हुए बताया था कि विजय जैन द्वारा इंटरनेश्नल लेवल पर दुबई में फैशन शो कराने के नाम पर 15 मई 2022 से 27 जुलाई 2022 तक लगातार यूपीआई गूगल पे एवं फोन पे के माध्यम से लगभग 17,88,328 रुपये लिया। पैसे लेकर इवेंट में नहीं ले जाया गया और ना ही रकम को वापस किया गया। पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया टी .जया रेड्डी द्वारा फैशन इवेंट्स किया जाता है। जया रेड्डी के हवाले से पुलिस ने बताया कि रायपुर निवासी मृगमय सिंह से जया रेड्डी का परिचय जेसीआइ की मीटिंग में हुई थी।

मृगमय सिंह ने कहा था कि इंटरनेशनल लेवल पर फैशन शो का इवेंट करना है। एक कंपनी जिसका मालिक विजय जैन है, जो गोल्ड का व्यापारी है। वह आईडबल्यूएफसी नामक कंपनी संचालित करता है। वह इंटरनेशनल लेवल पर शो करता है तथा दुबई में अपका शो करवाया जा सकता है। जया रेड्डी ने मृगमय सिंह के बातों में आकर छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड में रहने वाली महिलाओं को इस इवेंट में भाग लेने प्रोत्साहित किया। इसमें लगने वाली रकम उनके द्वारा गूगल पे एवं फोन पे के माध्यम से अदा की गई। विजय जैन ने दुबई में शो करने के लिए 45 हजार रुपये प्रत्येक व्यक्ति का खर्चा बताया और जया रेड्डी द्वारा कुल 41 लोगों का रकम अदा किया गया है। 14 अगस्त 2022 को इवेंट की बात कही और लगातार आठ बार तारीख बदल चुका है। न ही इवेंट किया और न ही पासपोर्ट वीजा संबंधित कोई कार्रवाई की गई है। जांच के बाद पुलिस ने आरोपित विजय जैन के खिलाफ धारा 420 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

Exit mobile version