उद्योगपति के ऑफिस में फटा गैस सिलेंडर, लाखों का सामान जलकर खाक

Chhattisgarh Crimes

दुर्ग. जिले में एक जाने माने उद्योगपति के दफ्तर में लगातार दो गैस सिलेंडर फटने से आग लग गई। आग से करीब 25 लाख का सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अग्निशमन और आपातकालीन सेवा दुर्ग से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात 12 बजे के करीब फायर कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि पद्मनाभपुर चौकी अंतर्गत स्थित उद्योगपति डीसी लुनिया और सुनीता लुनिया के दुर्ग एजुकेशन के दफ्तर में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हुई। टीम मौके पर पहुंची तो आग काफी फैल चुकी थी।

थोड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि दफ्तर के पीछे एक किचन है। वहां 5 गैस सिलेंडर रखे हुए थे। इसमें से एक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इससे पहले की घर के लोग कुछ समझ पाते दूसरा सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया। उद्योगपति डीसी लुनिया दुर्ग के छत्तीसगढ़ कॉलेज के डायरेक्टर और जाने माने उद्योगपति हैं। उनका घर और दफ्तर दोनों पद्मनाभपुर में अगल-बगल स्थित हैं। दो गैस सिलेंडर फटने से आग घर और दफ्तर में फैल गई। बताया जा रहा है कि इससे दफ्तर में रखे कई जरूरी दस्तावेज भी जलकर राख हो गए हैं।

Exit mobile version