गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में अतिरिक्त कलेक्टर ने अलग-अलग आपदाओं में जान गंवाने वाले 4 लोगों के परिवारों को आर्थिक मदद दी है। राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत हर एक परिवार को 4 लाख रुपए की सहायता राशि मिलेगी।
मरवाही तहसील के ग्राम रटगा निवासी दरोगा सिंह पोट्टाम की तालाब में डूबने से मौत हुई। उनके पिता त्रिभुवन सिंह को 4 लाख रुपए मिलेंगे। ग्राम कटरा के कंतु धनुहार की डेगानाला में डूबने से जान चली गई। उनके पुत्र लामू धनुहार को सहायता राशि दी जाएगी।
इसी तहसील के ग्राम कटरा की रोशनी और ग्राम गनया की गीता बाई की सर्प दंश से मृत्यु हो गई। रोशनी के पिता मंगलू और गीता बाई के पति कल्याण सिंह को भी 4-4 लाख रुपए की सहायता मिलेगी।
तहसीलदार सभी वारिसों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए यह राशि भेजेंगे।
जीपीएम जिले में एनीमिया मुक्त अभियान
वहीं, जीपीएम जिले को एनीमिया मुक्त बनाने के लिए 26 जून को रक्त शक्ति महाअभियान की शुरुआत होगी। इस अभियान में 13 से 45 वर्ष की 56 हजार महिलाओं की एक साथ हीमोग्लोबिन जांच की जाएगी। जिले की सभी 163 पंचायतों और बड़े स्कूलों में मेडिकल जांच टीमें तैनात की जाएंगी।
अभियान को चुनाव की तरह संचालित किया जाएगा। इसमें मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, पटवारी, सचिव और आवास मित्र की सेवाएं ली जाएंगी। बड़ी संख्या में महिलाओं की जांच के लिए अन्य जिलों के स्वास्थ्य कर्मियों का भी सहयोग लिया जाएगा।
सभी लक्षित महिलाओं की होगी जांच
कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने बताया कि जिले में एनीमिया एक गंभीर समस्या है। कई महिलाएं स्वास्थ्य केंद्रों तक नहीं पहुंच पाती हैं। इसलिए एक दिन में ही सभी लक्षित महिलाओं की जांच की जाएगी।
एनीमिया पीड़ित महिलाओं के लिए विशेष उपचार की व्यवस्था की जाएगी। अभियान के प्रचार के लिए स्कूली बच्चों की रैली निकाली जाएगी। इससे 13 से 18 वर्ष की किशोरियों तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मुनादी कराई जाएगी। जिला, जनपद और नगरीय निकाय स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे।