
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिब बस्तर के सबसे प्रमुख शहर व्यापारिक नगरी गीदम में अब मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को बजट पेश कर इसकी घोषणा की है। CM ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में मनेन्द्रगढ़, गीदम और कबीरधाम इन तीन शहरों में करीब 200 करोड़ रुपए की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। अब बस्तर में कुल 3 मेडिकल कॉलेज होंगे। गीदम में मेडिकल कॉलेज खुलने से संभाग के 4 जिलों के लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
दरअसल, गीदम, दंतेवाड़ा जिले का प्रमुख शहर है। यह जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे 163 पर बसा है। साथ ही बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा इन तीन जिलों का सेंटर प्वाइंट है। अब दंतेवाड़ा से नारायणपुर जिले के लिए बारसूर-पल्ली सड़क बनने के बाद नारायणपुर से भी शहर की दूरी बेहद कम हो गई है। ऐसे में गीदम में मेडिकल कॉलेज खुलने से इसका सीधा फायदा इन 4 जिलों के लोगों को मिलेगा। साथ ही जगदलपुर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज का लोड भी थोड़ा कम होगा।
घायल जवानों को मिलेगा फायदा
दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर इन चारों जिलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच आए दिन मुठभेड़ होती रहती है। इन मुठभेड़ों या फिर नक्सलियों की लगाई IED ब्लास्ट की चपेट में आकर घायल हुए जवानों को इलाज के लिए सुविधा मिलेगी। अब तक जगदलपुर या फिर सीधे रायपुर रेफर किया जाता था। लेकिन, अब गीदम में मेडिकल कॉलेज खुलने से कम दूरी में ही उन्हें बेहतर इलाज मिल पाएगा। 7 जिलों वाले इस बस्तर संभाग में जगदलपुर, कांकेर के बाद अब तीसरा मेडिकल कॉलेज दंतेवाड़ा जिले में खुलेगा। मेडिकल स्टूडेंट्स को भी फायदा मिलेगा।
किमी के हिसाब से समझिए दूरी
गीदम से दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय- 12 किमी
गीदम से जगदलपुर- 80 किमी
गीदम से बारसूर-पल्ली के रास्ते नारायणपुर की दूरी- 90 किमी
गीदम से बीजापुर की दूरी – 90 किमी
गीदम से सुकमा की दूरी – 95 किमी