शादी करने बांग्लादेश से तैरकर भारत आई युवती

प्यार के लिए घुसपैठ: प्रेमी से शादी की, दस्तावेज नहीं होने पर किया गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

कोलकाता। प्यार जो न कराए कम है। बांग्लादेश से भारत आई 22 साल की कृष्णा मंडल की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। वह भारत में अपने प्रेमी से मिलने जानवरों से भरे सुंदरबन डेल्टा को पार करके पश्चिम बंगाल आ गईं। शादी भी कर ली, लेकिन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उन्हें वापस बांग्लादेश भेजने की तैयारी कर रही है।

कृष्णा मंडल की कुछ समय पहले फेसबुक के जरिए भारत में रहने वाले आशिक मंडल से दोस्ती हुई थी, जो प्यार में बदल गई। उन्होंने शादी का फैसला कर लिया। कृष्णा के पास पासपोर्ट नहीं था, इसलिए उसे भारत में एंट्री नहीं मिल रही थी। परेशान होकर उसने सुंदरबन डेल्टा तैरकर भारत आने का फैसला किया।

पति परेशान

कृष्णा लगभग एक घंटे नदी में तैरीं और भारत की सीमा में पहुंची। उसने पिछले हफ्ते कोलकाता के मंदिर में शादी कर ली। पुलिस को खबर लगी तो कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि उसके पास भारत आने के जरूरी दस्तावेज नहीं हैं। उसे बांग्लादेश सीमा पर अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। अब कृष्णा का पति आशिक मंडल परेशान है और कानूनी मदद लेने की सोच रहा है।

पहले भी हो चुकी है इस तरह घुसपैठ

यह पहली बार नहीं है जब किसी ने सुंदरबन को तैरकर भारत में घुसपैठ की हो। इस साल की शुरूआत में भी एक युवक चॉकलेट खरीदने के लिए ऐसे ही भारत में घुसा था। अदालत ने उसे 15 दिन की जेल की सजा सुनाई थी।

Exit mobile version