2 लाख के बकरे की चोरी, मालिक ने एसपी से की ढूंढने की मांग

Chhattisgarh Crimes

अंबिकापुर। सर, मेरी एक शिकायत है। मेरे घर के सामने से मेरे 120 किलो के शेरू को 18 लाख की चारपहिया वाहन से चोरी कर लिया गया। सीसीटीवी कैमरे में संपूर्ण घटना परिलक्षित हो रही है लेकिन पुलिस प्रकरण को गंभीरता से नहीं ले रही है। शिकायत करता हूं तो कुछ पुलिसकर्मी अनाप-शनाप जबाब देते है। मेरे शेरू को ढूंढ निकलवाईये.. पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश देना जरूरी है सर ..। रघुनाथपुर के सुरेश गुप्ता ने जब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार से मुलाकात कर उक्त बातें कहते हुए आवेदन पत्र सौंपा तो एएसपी भी अचरज में पड़ गए कि आखिर शेरू है कौन..? उन्होंने सवाल किया तो पता चला कि शेरू एक उन्नत नस्ल का बकरा है जिसे छोटे से सुरेश गुप्ता ने पाला था।

उसका व्यवहार इंसानों जैसा था। बिस्किट,चाय,नाश्ता के साथ पलंग में सोने और सोफा में बैठने वाला शेरू रघुनाथपुर के लोगों का भी परिचित और दुलारा था। यही कारण था कि रघुनाथपुर के अलावा लुंड्रा क्षेत्र के कई लोग और भाजपा नेता भी सुरेश गुप्ता के साथ आए थे। शेरू (बकरा) की खासियत और लोगों के उससे जुड़ाव को देखते हुए एएसपी पुपलेश कुमार ने संपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी ली।

सुरेश ने बताया कि 8 फरवरी की सुबह लगभग 07ः30 हुंबई वर्ना कार क्रमांक सीजी07सीपी 1177 में सवार युवक चोरी कर ले गए। सीसी कैमरे में तस्वीर भी है। पुलिस ने रिपोर्ट भी पंजीकृत कर ली लेकिन न तो शेरू को ढूंढा और न ही आरोपित को पकड़ा। पुलिसकर्मी रुचि नहीं ले रहे हैं। लोगों ने कुछ पुलिसकर्मियों के कार्यव्यवहार की भी निंदा की। सुरेश गुप्ता ने बकरे (शेरू) को करीब छह वर्षों से परिवार के सदस्य की तरह पाला था। वह उनके निर्देश को भी समझता था। वे उसे कभी बांधकर नहीं रखते थे। 120 किलो वजनी बकरे के लिए उन्हें दो लाख रुपये तक का ऑफर मिला था, लेकिन उसे परिवार का सदस्य बताकर उन्होंने बेचने से इंकार कर दिया था।उचित कार्रवाई के आश्वासन पर सभी वापस लौटे।

आरोपित की हो चुकी पहचान, शीघ्र पकड़ेंगे

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रघुनाथपुर पुलिस से घटना की जानकारी ली। उन्होंने रघुनाथपुर-लुंड्रा क्षेत्र के ग्रामीणों को बताया कि आरोपित की पहचान सुनिश्चित की गई है। पुलिसकर्मी उसकी खोजबीन में लगे हैं। शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।कुछ पुलिसकर्मियों के कार्यव्यवहार को लेकर सामने आई शिकायत पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से चर्चा करने आश्वस्त किया।

Exit mobile version