पंडरी इलाके में फांसी पर लटकी मिली लाश

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। रायपुर के पंडरी थाना इलाके में एक युवक की लाश पेड़ पर लटकती हुई मिली है। मृतक के शरीर के कपड़े भी बुरी तरह फटे हुए थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को उसकी चुनाव के लिए ट्रेनिंग भी थी। इसके पहले ही उसकी मौत हो गई। पंडरी पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आत्महत्या की ही संभावना लग रही है।

जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम वेद प्रकाश चंद्रवंशी है। वो खरोरा का रहने वाला था। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पंडरी के IFC गोदाम के पास एक युवक की लाश पेड़ पर लटकी हुई है। पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और शव को उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए अंबेडकर अस्पताल भिजवाया।

मृतक के कपड़े फटे हुए मिले

वेद प्रकाश की लाश पेड़ पर नायलोन की रस्सी के सहारे लटकी हुई थी। उसने सफेद रंग के कपड़े और जूते पहने हुए थे। उसकी शर्ट सामने से पूरी तरह फटी हुई थी। साथ ही जमीन पर भी कुछ कपड़े पड़े हुए मिले। इनमें गंदगी भी लगी दिख रही है।

मारपीट के बाद लटकाने की आशंका

युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उसके फटे कपड़ों से ये लग रहा है कि मौत से पहले मारपीट हुई होगी। फिर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की असल वजह सामने आ पाएगी। तभी ये बात साफ होगी कि वेद प्रकाश ने सुसाइड किया है या उसकी हत्या कर लाश को लटका दिया गया।

Exit mobile version