होली मनाने घर गए लोगों को अब लौटने में परेशानी हो रही

Chhattisgarh Crimesहोली मनाने घर गए लोगों को अब लौटने में परेशानी हो रही है। वाराणसी, पटना और दिल्ली से आने वाली ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही है। ज्यादातर ट्रेनें 20-25 अप्रैल तक पैक हैं। छपरा से दुर्ग आने वाली एक मात्र सारनाथ एक्सप्रेस में स्लीपर 4 मई तक पैक है। एसी थर्ड में 26 मार्च तक कंफर्म नहीं है। इसी तरह दिल्ली से आने वाली ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग है। ऐसे में यात्रियों के पास तत्काल टिकट ही एक मात्र विकल्प है। यहां भी एक से दो लोगों को ही टिकट मिल पा रहा है।

अप्रैल-मई में भी सीट नहीं : रायपुर आने वाली लंबी दूरी की ज्यादातर ट्रेनें अभी से पैक हो रही हैं। बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस में स्लीपर 5 मई और थर्ड एसी 26 अप्रैल तक सीटें बुक हो चुकी हैं। सारनाथ एक्सप्रेस में स्लीपर 5 मई और एसी थ्री 25 मार्च तक वेटिंग है। इसी तरह साउथ विहार एक्सप्रेस में स्लीपर 26 मार्च और एसी थर्ड 23 मार्च तक पैक है। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस स्लीपर 14 मई और एसी थर्ड 21 अप्रैल तक और गोंडवाना एक्सप्रेस स्लीपर 1 मई व एसी थर्ड 21 अप्रैल तक पैक है। समता एक्सप्रेस में स्लीपर 19 अप्रैल और एसी थर्ड में 26 अप्रैल तक सीट नहीं है।

हर साल बढ़ रहे यात्री :
स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में साल दर साल बढ़ोतरी हो रही है। मंडल से मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर स्टेशन में प्रत्येक वर्ष करीब 20-25 फीसदी तक यात्री बढ़ जाते हैं। पीक सीजन में यह आंकड़ा 70 तक पहुंच जाता है। इतना ही नहीं रक्षाबंधन, नवरात्रि, दिवाली, छठ पूजा और होली जैसे त्योहार में यात्रियों की इतनी संख्या बढ़ जाती है कि स्टेशन परिसर भी छोटा पड़ने लगता है।