
वहीं रायपुर में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) नहीं लगाने वाले वाहन चालकों पर अब कार्रवाई भी शुरू हो गई है। यातायात और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अब तक 111 वाहनों से जुर्माना वसूला है।
पुलिस ने दो और तीन पहिया वाहनों से 1,000 रुपए, चार पहिया वाहनों से 2,000 रुपए और मध्यम और भारी वाहनों से 3,000 रुपए तक जुर्माना वसूला है।
अधिकारियों का कहना है कि नंबर प्लेट ऑनलाइन बुक करने में किसी तरह की परेशानी ना हो, इसलिए सड़कों में ही कैंप लगाया जा रहा है। डिटेल लेकर ऑनलाइन नंबर प्लेट अप्लाई करवाई जा रही है। रायपुर की सड़कों में अभियान चलाकर विभागीय अधिकारियों ने 350 से ज्यादा वाहन स्वामियों की नंबर प्लेट को ऑनलाइन बुक किया है।
इन चौराहों पर लगाया गया कैंप
परिवहन अधिकारियों के अनुसार बीते 2 दिनों में पचपेढ़ी नाका, टर्निंग प्वांइट चौक शंकर नगर, तेलीबांधा चौक में कैंप लगाकर वाहन स्वामियों का HSRP प्लेट मौके पर बुक किया गया है। परिवहन अधिकारियों ने वाहन स्वामियों से जल्द से जल्द HSRP प्लेट लगाने की अपील की है, ताकि चालानी कार्रवाई से वो बच सके।
क्या है हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट एक विशेष तरह की नंबर प्लेट होती है, जिसे वाहनों की सुरक्षा और ट्रैकिंग के लिए सरकार ने अनिवार्य किया है। यह प्लेट, पुराने नंबर प्लेट से ज्यादा सुरक्षित होती है।