कॉमनवेल्थ गेम्स के सातवें दिन भारत ने रचा इतिहास, लॉन्ग जंप में मुरली श्रीशंकर ने जीता सिल्वर

Chhattisgarh Crimes

बर्मिंघम। कॉमनवेल्थ गेम्स में गुरुवार को ट्रैक एंड फील्ड के लॉन्ग जंप इवेंट में भारत के लिए मुरली श्रीशंकर ने इतिहास रच दिया है। वो लॉन्ग जंप इवेंट में भारत के लिए पदक जीतने वाले पहले पुरुष एथलीट बने हैं। उन्होंने अपने पांचवें प्रयास में 8.08 की जंप लगाई और दूसरे स्थान पर पहुंच गए। हालांकि, इसके बाद छठे प्रयास में वह ओवरस्टेप कर गए।

वहीं, रोहित टोकस ने 67 किलो वेट में सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल नीयू के जेवियर माताफा-इकिनोफोनियू को 5-0 से हराया। इससे पहले महिलाओं में पूर्व एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज और प्रज्यूषा मलाइखल पदक जीत चुकी हैं। अंजू बॉबी ने 2002 राष्ट्रमंडल खेलों में लॉन्ग जंप में कांस्य और प्रज्यूषा ने 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था।

हॉकी में भारत ने वेल्स को 4-1 से हराया

मेंस हॉकी के पूल बी में भारत ने वेल्स को 4-1 से हरा कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टीम के 10 अंक हो गए हैं। टीम इंडिया के लिए तीन गोल हरमनप्रीत सिंह ने दागे। इस मेगा टूर्नामेंट में उनके 9 गोल हो गए हैं। उन्होंने दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। वहीं, उन्हें एक पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला जिसका लाभ उठाते हुए उन्होंने गोल दागा। गुरजंत सिंह ने भारत के लिए चौथा गोल किया।

Exit mobile version