छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के जैजैपुर विधानसभा से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के जैजैपुर विधानसभा से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पड़ोसी से मारपीट और गोली मारने की धमकी देने पर केस दर्ज हुआ था। जांच में सही पाए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

मिली जानकारी के मुताबिक विधायक बालेश्वर ने भी पड़ोसी के खिलाफ काउंटर केस कराया था। हांलाकि जमानती होने के कारण विधायक को मुचलके पर रिहा कर दिया गया है। वहीं जांजगीर थाने में कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप समेत 13 लोगों के खिलाफ भी FIR दर्ज हुई है।

अब जानिए क्यों गिरफ्तार हुए बालेश्वर साहू ?

दरअसल, 11 जून को कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू और उनके पड़ोसी चंद्रशेखर राठौर के बीच AC की आउटडोर यूनिट हटाने को लेकर विवाद हुआ था। चंद्रशेखर राठौर ने बताया कि विधायक साहू ने उनके मकान की दीवार पर जबरन एसी का आउटर यूनिट लगवा दिया।

कई बार मना करने के बाद भी उन्होंने यूनिट नहीं हटाई। जब मजदूरों से एसी हटाने को कहा, तो विधायक वहां पहुंच गए। विधायक ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी है, जिससे परिवार डरा हुआ है। परिवार से विवाद किया और गाली-गलौज की।

विधायक ने लगाया पड़ोसी पर बदसलूकी का आरोप

वहीं विवाद के बाद विधायक बालेश्वर साहू ने भी अपने पड़ोसी पर बदसलूकी का आरोप लगाया था। पड़ोसी चंद्रशेखर राठौर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस शिकायत पर भी FIR दर्ज कर ली थी। हालांकि, इस मामले में विधायक बालेश्वर साहू की ओर से कुछ बयान नहीं आया है।