भाजपा कार्यालय में जवान ने गोली मारकर की खुदकुशी

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। रायपुर के भाजपा प्रदेश कार्यालय, एकात्म परिसर की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी ने खुदकुशी कर ली है। पुलिस जवान ने ड्यूटी के दौरान ही अपनी सर्विस राइफल से खुद को गाेली मार ली। गोली लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसका शव कब्जे में लिया।

बताया जा रहा है, मूल रूप से कांकेर निवासी राजकुमार नेताम छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल(CAF) की चौथी बटालियन में तैनात थे। उनकी ड्यूटी रजबंधा मैदान स्थित भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर की सुरक्षा में लगाई गई थी। गार्ड रूम के पिछले हिस्से में पुलिस जवानों के रहने की जगह दी गई थी। यहीं पर जवान राजकुमार नेताम ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

घटना 8 बजे के आसपास की बताई जा रही है। भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री अकबर अली ने कहा कि कार्यालय से सभी नेता जा चुके थे, इसके बाद अचानक इस घटना की जानकारी मिली। मौके पर पुलिस की टीम पहुंची है। बताया जा रहा है कि मानसिक तौर पर परेशान होने की वजह से जवान ने खुदकुशी जैसा यह कदम उठाया होगा। फिलहाल छानबीन की जा रही है। पुलिस की SFL टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। बाद में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

ठुड्‌ढी पर बंदूक की नली टिकाकर गोली मारी

प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया, जवान ने सर्विस राइफल की नाल अपनी ठुड्‌ढी पर लगाकर गोली चलाई है। दो गोलियां चलने की बात सामने आ रही है। इसमें से एक गोली उसके सिर को छेदते हुए छत में धंसी पाई गई। पुलिस ने एक खोखा रिकवर किया है।

कोई सुसाइड नोट नहीं, छुट्‌टी से लौटा था

अधिकारियों ने बताया, घटना स्थल अथवा मृतक जवान के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इसकी वजह से आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। मृतक के परिजनों से भी पुलिस अब तक बात नहीं कर पाई है। बताया जा रहा है, जवान हाल ही में 15 दिन की छुट्‌टी पर घर भी गया था। वह वहां से 4 फरवरी को लौटा। इस बीच उसके ससुराल पक्ष में किसी का निधन हुआ है। उसी के दशगात्र में जाने के लिए छुट्‌टी मांग रहा था।

Exit mobile version