
भिलाई। रविवार शाम 4 बजे से कुम्हारी फ्लाई ओवरब्रिज को लाइट मोटर व्हीकल के लिए खोल दिया जाएगा। दुर्ग कलेक्टर डॉ. एसएन भूरे ने इसकी जानकारी दी है। कलेक्टर के निर्देश के मुताबिक इस ओवरब्रिज से दो पहिया ही नहीं बल्कि लाइट मोटर व्हीकल श्रेणी के चार पहिया वाहन भी आवागमन कर सकेंगे। कलेक्टर ने कुम्हारी के पास बढ़ते जाम और ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए इस ओवरब्रिज को सिर्फ तीन घंटे के लिए खोलने की मंजूरी दी है। ओवरब्रिज शाम 4 बजे से शाम 7 बजे तक खुलेगा।
दुर्ग से रायपुर जाने वाले नेशनल हाईवे में भिलाई, पॉवर हाउस, कुम्हारी और टाटीबंध सहित कुल तीन फ्लाई ओवरब्रिज बन रहे हैं। इसके चलते ब्रिज के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाई गई है। सर्विस रोड कम चौड़ी होने और वाहनों का दबाव अधिक होने के चलते यहां जाम की स्थिति हर समय बनी रहती है। सबसे अधिक परेशानी कुम्हारी ओवर ब्रिज के पास है। यहां पर सर्विस रोड से सटकर दुकानों और मकानों का निर्माण होने के साथ ही उनके सामने वाहन पार्क होने से ट्रैफिक जाम लगभग हर समय होता है।
सुबह और शाम के समय रायपुर भिलाई से आने जाने वाले हजारों लोगों की वजह से यह जाम काफी लंबा हो जाता है और यहां दुर्घटनाएं भी होती हैं। इस समस्या को देखते हुए कलेक्टर एसएन भूरे ने PWD सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी के निर्देश पर इसे 31 अक्टूबर से शुरू करने की हरी झंडी दे दी है। इससे पहले शनिवार को कलेक्टर ने फ्लाई ओवरब्रिज की तैयारियों का जायजा लिया था।
अभी निर्माण कार्य पूरा नहीं
800 मीटर लंबे इस फ्लाई ओवरब्रिज को पहले दो पहिया वाहनों के लिए खोला जाना था। वर्तमान में यहां सर्विस रोड पर एक लाख से अधिक वाहनों के दबाव को देखते हुए यह लाइट मोटर व्हीकल श्रेणी के वाहनों के लिए खोला जाएगा। अभी ओवरब्रिज का काम पूरा नहीं हुआ है। इसलिए दिन में यहां निर्माण कार्य चलेगा और शाम चार बजे के बाद यह शाम सात बजे तक यानी सिर्फ तीन घंटे के लिए हल्के वाहनों के लिए खुल जाएगा। इस दौरान गाड़ियों के आवागमन में कोई परेशान न हो, इसके लिए लाइटिंग की व्यवस्था भी गई है।