रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर क्योटी जलप्रपात में नहाने के दौरान सोमवार को छह लोग बह गये। इनमें से चार उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि अब तक चार पर्यटकों सहित पांच लोगों के शव मिले हैं। उन्होंने बताया कि डूबे लोगों की तलाश में एक अज्ञात महिला का एक महीने पुराना शव भी मिला है। जैन ने बताया कि प्रयागराज से दो समूहों में पर्यटक यहां क्योटी झरने पर पिकनिक मनाने रविवार को पहुंचे थे। ये लोग चतुर्भुज मंदिर के पास झरने में नहा रहे थे तब वे पानी के तेज बहाव में बह गये।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद इन दोनों समूहों के लोगों ने स्थानीय पुलिस को सूचित नहीं किया और यहां से वापस प्रयागराज रवाना हो गये। सोमवार सुबह लापता लोगों के परिवार के सदस्यों ने पुलिस को सूचना दी और इसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान गोलू पाली, राहुल गुप्ता, यश केशरवानी और प्रज्जवल केशरवानी के तौर पर हुई है। ये सभी प्रयागराज के रहने वाले हैं और 17 से 28 साल की बीच की उम्र के हैं। जबकि एक महिला का एक माह पुराना शव मिला है, जिसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि दो अन्य लापता व्यक्तियों की तलाश जारी है।