सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में गुरुवार शाम मैनी नदी में बहे दो महिलाओं एवं दो बच्चों की तलाश का अभियान शुक्रवार के बाद शनिवार को शुरू किया गया। शनिवार सुबह एक महिला का शव उफनती मैनी नदी के बीच पत्थरों में अटका हुआ दिखा है। ग्रामीणों की सूचना पर एसडीआरएफ एवं पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। दो बच्चों सहित तीन अन्य का पता नहीं चल सका है। सरगुजा संभाग में हो रही लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं।
सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोढ़ागांव निवासी सोमारी पति कटसू (45 वर्ष), उसकी पोती अंकिता पिता अजीत (8 वर्ष), पड़ोस महिला बीनावती पति सुरेश (30 वर्ष) एवं उसकी मासूम बेटी आयरस (3 वर्ष) गुरुवार दोपहर मैनी नदी पार कर जंगल में पूटू बीनने गए थे। शाम को जब वे वापस लौट रहे थे तो जशपुर जिले में हुई बारिश के कारण मैनी नदी का जलस्तर बढ़ गया था। नदी को पार करने के दौरान चारों बह गए।
उफनती नदी, रेस्क्यू में दिक्कत चारों जब वापस घर नहीं लौटे तो उनकी खोजबीन शुरू की गई। कुछ ग्रामीणों ने चारों को उफनती नदी में बहते हुए देखने का दावा किया। इसकी सूचना विधायक रामकुमार टोप्पो को दी गई। विधायक की सूचना पर एसडीआरएफ एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नदी के उफान पर रहने के कारण शुक्रवार को चारों की खोजबीन का काम तेजी से नहीं हो पाया। शाम होने के बाद रेस्क्यू टीम लौट गई।
नदी के बीच पत्थरों में फंसा मिला शव शनिवार सुबह चारों की तलाश में लगे ग्रामीणों को एक महिला का शव बहे स्थल से काफी दूर पत्थरों के बीच फंसा दिखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस एवं SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई है। बीच नदी से महिला के शव को निकालने की कोशिश की जा रही है।
नदी में पानी भरे होने के कारण रेस्क्यू में समय लग सकता है। दूसरी महिला एवं दो बच्चों का कोई पता नहीं चल सका है। जिस मैनी नदी में चारों बहे हैं, वह जशपुर से निकलती है। पहाड़ी नदी होने के कारण यहां पानी का बहाव काफी तेज है। इस कारण भी रेस्क्यू अभियान में विलंब हो रहा है। घटना से ढोढ़ागांव में मातम पसरा हुआ है।
संभाग में बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर सरगुजा संभाग में पिछले चार दिनों से जमकर बारिश हुई है, जिसके कारण नदी-नाले उफान पर हैं। संभाग के मनेंद्रगढ़, कोरिया एवं सूरजपुर में भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सरगुजा, बलरामपुर एवं सूरजपुर जिलों में भी रुक-रुककर बारिश हो सकती है।