मजदूर भेजने के नाम पर महिला ठेकेदार से 2.7 लाख रुपए की ठगी

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। कोरोना संक्रमण के दौरान ठगी के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। अब राजधानी रायपुर में एक महिला ठेकेदार से मजदूर भेजने के नाम पर 2.7 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। नवा रायपुर में निर्माण कार्य के लिए महिला ठेकेदार ने कोलकाता से मजदूर मंगवाए थे। बदमाशों ने भरोसा जीतने के लिए मजदूरों व सिविल इंजीनियर के आधार कार्ड भी उन्हें वॉट्सएप किए थे।

जानकारी के मुताबिक, सूर्या विहार की रेशमा जाफरी सिविल ठेकेदार हैं। उन्होंने नवा रायपुर में काम लिया है। कोरोना संक्रमण के चलते ज्यादातर मजदूर घर जा चुके हैं। ऐसे में उन्हें मजदूर नहीं मिल रहे थे। इसके लिए वह पिछले कई महीने से अलग-अलग लोगों से संपर्क कर रही थीं। इस बीच उन्हें कोलकाता के अमीरउद्दीन हलदर और फिरोज शेख का नंबर मिला। दोनों मजदूरों की सप्लाई करते हैं।

55 मजदूर और 4 सिविल इंजीनियर भेजने का झांसा दिया

रेशमा से उनसे बातचीत की तो आरोपियों ने 55 मजदूर और 4 सिविल इंजीनियर भेजने का झांसा दिया। साथ ही उनका आधार कार्ड और एड्रेस प्रूफ भेज दिया। भरोसा होने पर आरोपियों ने रेशमा से मजदूरों को लाने का खर्चा मांगा और अपना बैंक एकाउंट नंबर भेज दिया। इसके बाद रेशमा ने आरोपियों के दिए गए खाते में 2.7 लाख रुपए जमा करा दिए। रुपए खाते में आए तो आरोपियों ने मजदूर भेजने के लिए गुमराह करना शुरू कर दिया। पहले तो इधर-उधर की बातें बनाते रहे और फिर कॉल रिसीव करना ही बंद कर दिया। इस पर रेशमा ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई। जांच में पता चला है कि आरोपी साउथ परगनिया कोलकाता के रहने वाले हैं। उन्होंने रुपए आते ही खाते से उसे निकाल लिया। फिलहाल, पुलिस जांच कर रही है।