ओडिशा में कोरापुट पुलिस ने AK-47 हथियार के साथ नक्सली कुंजाम हिड़मा को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesओडिशा में कोरापुट पुलिस ने AK-47 हथियार के साथ नक्सली कुंजाम हिड़मा को गिरफ्तार किया है। यह ACM कैडर का नक्सली है। जिस पर करीब 5 लाख रुपए का इनाम घोषित है। ओडिशा पुलिस ने हिड़मा के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामान भी बरामद किया है।

दरअसल, ओडिशा पुलिस ने छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के ट्राई जंक्शन में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन लॉन्च किया था। पुलिस जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान एक युवक ने पुलिस को देख भागने की कोशिश की।

AK-47 के साथ पकड़ाया

वो जंगल में जाकर छिप गया था। जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। उसके पास से AK-47 समेत अन्य विस्फोटक सामान मिला। पुलिस ने उसकी पहचान कुंजाम माड़वी हिड़मा उर्फ मोहन के रूप में की है। जो कि CG के बीजापुर जिले का रहने वाला है। कई सालों से नक्सल संगठन के साथ जुड़कर काम कर रहा था।

ओडिशा और छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर हुई कई वारदातों में शामिल था। पुलिस इससे पूछताछ कर रही है। जिसमें कई खुलासे होने की संभावना है।

अफवाह उड़ी, CCM माड़वी हिड़मा पकड़ा गया

इधर, सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ी की नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी मेंबर और खूंखार माओवादी माड़वी हिड़मा पकड़ा गया है। हिड़मा पर एक करोड़ रुपए का इनाम घोषित है। हालांकि, बस्तर IG सुंदरराज पी ने इस अफवाह को गलत बताया।